भारत ने श्रीलंका को 138 रन का लक्ष्य दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Jul 2024 10:21 PM
भारत ने श्रीलंका को 138 रन का लक्ष्य दिया
ऑडियो सुनें

पाल्लेकल. महीश तीक्षणा (28 रन पर तीन विकेट) और वानिंदु हसरंगा (29 रन पर दो विकेट) की फिरकी के जादू से श्रीलंका ने तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में मंगलवार को यहां भारत को नौ विकेट पर 137 रन के स्कोर पर रोक दिया. भारत की ओर से सलामी बल्लेबाज और उप कप्तान शुभमन गिल ने सर्वाधिक 39 रन बनाए. उन्होंने रियान पराग (26) के साथ छठे विकेट के लिए 54 रन जोड़कर भारत को खराब शुरुआत से उबारा. अंतिम ओवर में वाशिंगटन सुंदर (25) और रवि बिश्नोई (नाबाद 08) ने आठ विकेट के लिए 32 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.

तीक्षणा और हसरंगा के अलावा श्रीलंका के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर रहे चामिंदु विक्रमसिंघे (17 रन देकर एक विकेट), असिथा फर्नांडो (11 रन पर एक विकेट) और रमेश मेंडिस (26 रन पर एक विकेट) ने भी एक-एक विकेट चटकाया. श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसे उनके गेंदबाजों ने सही साबित करते हुए चौथे ओवर में ही भारत का स्कोर 14 रन पर तीन विकेट कर दिया.

सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (10) ने दूसरे ओवर में महीश तीक्षणा पर दो चौके मारे लेकिन इस ऑफ स्पिनर के इसी ओवर में सीधी गेंद को चूककर पगबाधा हो गए. जायसवाल ने डीआरएस का सहारा लिया लेकिन फैसला श्रीलंका के पक्ष में गया. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण कर रहे चामिंदु विक्रमसिंघे ने अगले ओवर में संजू सैमसन को लेग स्पिनर हसरंगा के हाथों कैच कराया. सैमसन लगातार दूसरे मैच में खाता खोलने में नाकाम रहे.

रिंकू सिंह को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा गया लेकिन वह भी एक रन बनाने के बाद तीक्षणा की गेंद पर मथीशा पथिराना को कैच दे बैठे. कप्तान सूर्यकुमार यादव (08) ने आते ही तीक्षणा पर चौका मारा लेकिन असिथा फर्नांडो की गेंद पर फाइन लेग पर हसरंगा के हाथों लपके गए. भारतीय टीम पावर प्ले में चार विकेट पर 30 रन ही बना सकी. ऑफ स्पिनर रमेश मेंडिस ने शिवम दुबे (13) को विकेटकीपर कुसाल मेंडिस के हाथों कैच कराके भारत का स्कोर 48 रन पर पांच विकेट किया.

सलामी बल्लेबाज गिल ने एक छोर संभाले रखा और पराग के साथ मिलकर पारी को संवारा. पराग ने रमेश मेंडिस जबकि गिल ने स्पिनर कामिंदु मेंडिस पर चौका मारा. पराग ने 14वें ओवर में हसरंगा पर दो छक्कों के साथ रन गति में इजाफा किया. गिल ने 15वें ओवर में कामिंदु मेंडिस पर चौके के साथ भारत के रनों का शतक पूरा किया लेकिन अगले ओवर में हसरंगा की गेंद पर स्टंप हो गए.
हसरंगा ने दो गेंद बाद पराग को भी रमेश मेंडिस के हाथों कैच कराके भारत को सातवां झटका दिया. सुंदर और बिश्नोई ने अंत में कुछ अच्छे शॉट खेलकर भारत का स्कोर 140 रन के करीब पहुंचाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu