भारत ने श्रीलंका को नौ विकेट पर 161 रन पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Jul 2024 10:11 PM
भारत ने श्रीलंका को नौ विकेट पर 161 रन पर रोका
ऑडियो सुनें

पालेकल. भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे टी20 मैच में रविवार को श्रीलंका को नौ विकेट पर 161 रन पर रोक दिया. शनिवार को पहले मैच में श्रीलंका ने आखिरी आठ विकेट 21 रन के भीतर गंवा दिये थे और रविवार को आखिरी छह विकेट 31 रन के भीतर गंवाये.

पहले दस ओवर में 80 रन बनाने के बावजूद श्रीलंकाई टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और आखिरी दस ओवर में 81 रन ही बन सके . हार्दिक पंड्या ने दो ओवर में 23 रन देकर दो और रवि बिश्नोई ने चार ओवर में 26 रन देकर चार विकेट लिये. श्रीलंका के लिये पाथुम निसांका ने 24 गेंद में 32 रन बनाये जबकि कुसल परेरा ने 34 गेंद में 54 रन की पारी खेली . दोनों ने दूसरे विकेट के लिये छह ओवर में 54 रन जोड़े.

इसके बाद दासुन शनाका (0) और वानिंदु हसरंगा (0) गैर जिम्मेदाराना शॉट्स खेलकर आउट हुए . एक समय श्रीलंका का स्कोर 15 ओवर में दो विकेट पर 130 रन था लेकिन मध्यक्रम के लड़खड़ाने से दस गेंद के भीतर चार विकेट गिर गए जिसमें एक रन आउट शामिल है.

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने युवा रियान पराग से गेंदबाजी की शुरूआत कराई जिसने चार ओवर में 30 रन ही दिये जिसमें दस डॉट गेंद शामिल थी . अक्षर पटेल ने चार ओवर में 30 रन देकर दो विकेट लिये. शीर्षक्रम के बल्लेबाजों के सामने सहज गेंदबाजी नहीं कर पा रहे बिश्नोई ने बाद में मध्यक्रम को अपना निशाना बनाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu