
कुआलालंपुर: भारतीय अंडर17 महिला फुटबॉल टीम को पांच से 11 अक्टूबर तक यहां होने वाले एएफसी अंडर17 एशियाई कप क्वालीफायर में मलेशिया, सीरिया और इराक के साथ ग्रुप ई में रखा गया है। एशियाई फुटबॉल महासंघ (एएफसी) हाउस में बृहस्पतिवार को ड्रॉ निकाला गया। भारत अपने अभियान की शुरूआत इराक के खिलाफ करेगा। उसके बाद वह सीरिया और मलेशिया का सामना करेगा।
ग्रुप की विजेता टीम अगले वर्ष 31 मार्च से 17 अप्रैल तक चीन के सूज़ौ में होने वाले अंडर17 महिला एशियाई कप के लिए क्वालीफाई करेगी। भारत ने पिछली बार इस प्रतियोगिता के नॉकआउट चरण में जगह बनाई थी। पिछली चैंपियनशिप में सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चारों टीम मौजूदा चैंपियन उत्तर कोरिया, उपविजेता जापान, आॅस्ट्रेलिया और चीन ने प्रतियोगिता के लिए सीधे क्वालीफाई कर लिया है। उनके साथ क्वालीफायर में आठ ग्रुप की विजेता टीम भाग लेगी। महिला एशियाई कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली टीमें अगले साल मोरक्को में होने वाले फीफा अंडर17 महिला विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी।



