बांग्लादेश को 12-0 से हराकर भारतीय पुरूष हॉकी टीम सेमीफाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Oct 2023 09:26 PM
बांग्लादेश को 12-0 से हराकर भारतीय पुरूष हॉकी टीम सेमीफाइनल में
ऑडियो सुनें

हांगझोउ. कप्तान हरमनप्रीत सिंह और मनदीप सिंह की हैट्रिक की मदद से भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने एशियाई खेलों में पूल ए के मैच में बांग्लादेश को 12-0 से हराकर पूल में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया . भारतीय टीम ने पूल चरण के पांच मैचों में 58 गोल किये और सिर्फ पांच गोल गंवाये. इससे पहले भारतीय टीम ने उज्बेकिस्तान को 16-0 से , सिंगापुर को 16-1 से, पाकिस्तान को 10-2 से और जापान को 4-2 से हराया था.

भारत के लिये कप्तान हरमनप्रीत (दूसरा, चौथा और 32वां मिनट) और मनदीप सिंह (18वां, 24वां और 46वां मिनट) ने तीन तीन गोल दागे . वहीं अभिषेक (41वां और 57वां) ने दो गोल किए जबकि अमित रोहिदास (28वां) , ललित उपाध्याय (23वां), गुरजंत सिंह (56वां) और नीलाकांता शर्मा (47वां) ने एक एक गोल किया.

बांग्लादेश की टीम भारतीय गोल पर हमले नहीं कर सकी और एक बार फिर भारतीय गोलकीपर मूक दर्शक बने रहे. अब चार अक्टूबर को होने वाले सेमीफाइनल में भारत का सामना पूल बी की दूसरे नंबर की टीम से होगा. भारत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में सफलता हासिल की जबकि मैदानी गोल भी दागे. भारतीय टीम ने सात मैदानी गोल दागने के अलावा 11 में से पांच पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला.

भारत ने पूरे मैच के दौरान लगातार हमले किए और दोनों हाफ में छह-छह गोल दागे. हरमनप्रीत ने दूसरे ही मिनट में मैच के पहले पेनल्टी कॉर्नर पर भारत को बढ़त दिलाई. कप्तान ने दो मिनट बाद एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा. युवा अभिषेक और मनदीप ने मिलकर मैदानी गोल किए. अभिषेक ने मनदीप और ललित के गोल में मदद भी की. भारत को इसके बाद तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला. हरमनप्रीत के प्रयास को बांग्लादेश के गोलकीपर मोहम्मद नोयोन ने रोका लेकिन रिबाउंड पर मनदीप ने गोल दाग दिया. रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल किया जिससे भारत मध्यांतर तक 6-0 से आगे था.

दूसरे हाफ में भारत को लगातार पेनल्टी कॉर्नर मिले. हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर हैट्रिक पूरी की. अभिषेक ने इसके बाद रिवर्स हिट से गोल दागे जबकि मनदीप और अभिषेक ने शानदार मूव बनाते हुए भारत को 9-0 से आगे किया. नीलाकांता ने एक मिनट बाद रिबाउंड पर गोल दागा. गुरजंत और अभिषेक ने अंतिम पांच मिनट में दो और गोल दागकर भारत की 12-0 से जीत सुनिश्चित की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu