भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 1-1 की बराबरी पर रोका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 May 2023 08:05 PM
भारतीय महिला हॉकी टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 1-1 की बराबरी पर रोका
ऑडियो सुनें

एडिलेड. दीप ग्रेस एक्का के गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम तीन मैचों की श्रृंखला के आखिरी मुकाबले में रविवार को यहां ऑस्ट्रेलिया से पिछड़ने के बाद मुकाबला 1-1 से बराबरी पर खत्म करने में सफल रही. भारत ने पहले ही श्रृंखला को 0-2 से गंवा दिया था. दीप ने मैच के 42वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदला. ऑस्ट्रेलिया के लिए मैच का इकलौता गोल मैडिसन ब्रुक ने 25वें मिनट में किया.

भारत ने मैच की शुरुआत सकारात्मक तरीके से करते हुए गेंद को अपने नियंत्रण में रखते हुए अच्छे पास देने पर पर ध्यान दिया. ऑस्ट्रेलिया ने भी इस दौरान भारतीय रक्षापंक्ति पर दबाव बनाते हुए दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किये. पहले क्वार्टर में दोनों टीमें मौके को भुनाने में विफल रही. भारतीय टीम ने दूसरे क्वार्टर में आक्रामक शुरूआत की लेकिन ब्रुक ने फ्री हिट पर मिले शानदार पास को गोल में बदल कर ऑस्ट्रेलिया को बढ.त दिला दी.

तीसरे क्वार्टर की शुरुआत भारत ने बराबरी करने के लिए जोर लगाया. टीम को इसका फायदा भी मिला जब ग्रेस ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदल कर स्कोर बराबर कर दिया. ऑस्ट्रेलिया ने इसके बाद आक्रामक रुख अपनाकर भारतीय रक्षापंक्ति पर दबाव बनाया लेकिन टीम को सफलता नहीं मिली. भारतीय टीम अब गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ खेलेगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu