भारत की ‘नारी शक्ति’ ने फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, मोदी ने हॉकी टीम को बधाई दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Nov 2023 07:38 PM
भारत की ‘नारी शक्ति’ ने फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, मोदी ने हॉकी टीम को बधाई दी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारतीय महिला हॉकी टीम को एशियाई चैम्पियंस ट्राफी जीतने की बधाई देते हुए कहा कि उनके शानदार कौशल, जुनून और दृढ़ संकल्प ने देशवासियों को गौरवान्वित किया. उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ”भारत की नारी शक्ति ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है. ” भारतीय महिला हॉकी टीम ने रविवार को फाइनल में जापान को 4-0 से हराकर दूसरी बार एशियाई चैम्पियंस ट्राफी जीती.

मोदी ने कहा, ”हमारी महिला हॉकी टीम को एशियाई चैम्पियंस ट्राफी 2023 में स्वर्ण पदक जीतने के लिये बधाई. उनके शानदार कौशल, जुनून और अथक दृढ़ संकल्प ने हमारे दिलों को गर्व से भर दिया है. ” उन्होंने कहा, ”अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाने के लिए चैम्पियंस को बधाई. ”

एशियाड स्वर्ण जीतने में विफल रहने के बाद हम एसीटी में बदला चुकता करना चाहते थे: सविता पूनिया

भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पूनिया ने कहा कि एशियाई खेलों में निराशाजनक अभियान के बाद उनकी टीम रांची में हाल में समाप्त हुई एशियाई चैम्पियंस ट्राफी (एसीटी) में स्वर्ण पदक जीतने का लक्ष्य बनाये हुए थी. प्रबल दावेदारों में शुमार होने के बावजूद भारतीय टीम अक्टूबर में हांगझोउ में एशियाड सेमीफाइनल में चीन से 0-4 से हार गयी थी जो अंत में विजेता बनी थी. लेकिन भारतीय टीम ने फॉर्म में वापसी करते हुए चीन सहित अपने सभी एशियाई प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर रविवार को रांची में जापान को 4-0 से हराकर दूसरा एशियाई चैम्पियंस ट्राफी खिताब जीता.

सविता ने एसीटी खिताब जीतने के बाद कहा, ”हम एक लक्ष्य के साथ आये थे. एशियाई खेलों में टीम स्वर्ण पदक से चूक गयी थी जिससे हम यहां इसकी भरपायी करना चाहते थे. हम यहां स्वर्ण पदक जीतना चाहते थे और विशेषकर इसलिये भी क्योंकि यह पहली बार भारत में आयोजित किया जा रहा है. ” उन्होंने कहा, ”हम प्रत्येक टूर्नामेंट में एक बार में एक ही मैच पर ध्यान लगाते हैं. इस बार, पूरी टीम को यह साबित करना था और हमें खुशी है कि हम ऐसा करने में सफल रहे. ”

भारत ने एशियाड में कांस्य पदक जीता था और अब टीम 13 से 19 जनवरी तक होने वाले महिला एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर में भी रांची में ऐसा ही प्रदर्शन दोहराना चाहेगी. सविता ने कहा, ”टीम ने काफी आक्रामक हॉकी खेली. टीम में प्रत्येक खिलाड़ी ने अपना सर्वश्रेष्ठ किया ताकि सुनिश्चित हो सके कि हम पोडियम में शीर्ष पर रहे. ” उन्होंने कहा, ”हमारा लक्ष्य हमेशा ही अभ्यास का प्रदर्शन पिच पर दोहराने का होता है. अब महिला एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर भी है, हमारे पास तैयारी के लिए समय है और हम सुनिश्चित करेंगे कि हम फिर से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दोहरायें. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu