इजराइल और हमास युद्ध विराम, बंधक रिहाई पर वार्ता में प्रगति कर रहे : अधिकारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 13 Feb 2024 09:38 PM
इजराइल और हमास युद्ध विराम, बंधक रिहाई पर वार्ता में प्रगति कर रहे : अधिकारी
ऑडियो सुनें

काहिरा. इजराइल और हमास एक समझौते की दिशा में प्रगति कर रहे हैं जिसका लक्ष्य गाजा पट्टी में युद्धविराम और बंधकों को मुक्त कराना है. इस समझौते से जुड़े दो अधिकारियों ने यह जानकारी दी. मिस्र की राजधानी में संबंधित पक्षों की मंगलवार को बैठकें हुईं. मिस्र के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कतर, अमेरिका और इजराइल के प्रतिनिधियों की मंगलवार को काहिरा में एक निर्धारित बैठक से पहले मध्यस्थों ने इजराइल और हमास के बीच वार्ता में ”अपेक्षाकृत महत्वपूर्ण” प्रगति की है.

उन्होंने कहा कि बैठक छह सप्ताह के युद्ध विराम समझौते के ”अंतिम मसौदे को तैयार करने” पर केंद्रित होगी, जिसमें गारंटी दी जाएगी कि संबंधित पक्ष स्थायी संघर्ष विराम की दिशा में बातचीत जारी रखेंगे मिस्र की राजधानी में मौजूद एक पश्चिमी राजनयिक ने भी कहा कि छह सप्ताह के समझौता पर प्रगति हो सकती है, लेकिन आगाह किया कि किसी समझौते पर पहुंचने के लिए अभी और काम करने की जरूरत है.

युद्ध तेज होने के साथ, कतर, अमेरिका और मिस्र की मध्यस्थता से समझौता कराने के प्रयास हमास और इजराइल के बिल्कुल असमान रुख के कारण बाधित हो गए हैं. इस समझौते से गाजा में लोगों को युद्ध से राहत मिलेगी और गाजा में बंदी बनाकर रखे गए 100 लोगों में से कम से कम कुछ को आजादी मिलेगी.

इजराइल ने हमास की शासन और सैन्य क्षमताओं को नष्ट करने और बंधकों को मुक्त कराने को अपने युद्ध का मुख्य लक्ष्य बनाया है. हमास के हमले के बाद इजराइल ने कार्रवाई शुरू की थी. स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, युद्ध ने गाजा पट्टी में अकल्पनीय विनाश किया है, जिसमें 28,000 से अधिक लोग मारे गए. मृतकों में से 70 प्रतिशत से अधिक महिलाएं और नाबालिग थे.

अंतराष्ट्रीय न्यायालय में इजराइल के खिलाफ नरसंहार के आरोप लगाने वाले दक्षिण अफ्रीका ने मंगलवार को कहा कि उसने अदालत में इस बात पर विचार करने के लिए ”तत्काल अनुरोध” किया है कि क्या राफा में इजराइल के सैन्य अभियान से आदेशों का उल्लंघन हुआ है जो न्यायाधीशों ने पिछले महीने सुनाया था. नवंबर के अंत में एक समझौते के तहत लगभग 100 बंधकों की रिहाई के बदले में एक संक्षिप्त युद्ध विराम हुआ. समझौते के तहत इजराइल द्वारा कैद किए गए लगभग 240 फलस्तीनियों को भी रिहा कर दिया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu