जम्मू कश्मीर: नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश नाकाम, एक आतंकवादी ढेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Apr 2022 07:01 PM
जम्मू कश्मीर: नियंत्रण रेखा के पास घुसपैठ की कोशिश नाकाम, एक आतंकवादी ढेर
ऑडियो सुनें

जम्मू. जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास सेना ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी और इस दौरान एक आतंकवादी मारा गया. अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि सैन्य बलों ने रविवार देर रात नौशेरा इलाके में नियंत्रण रेखा के पास संदिग्ध गतिविधि देखी, जिसके बाद घुसपैठियों को ललकारा गया और फिर मुठभेड़ शुरू हो गई. उन्होंने बताया कि बाद में एक आतंकवादी का शव बरामद हुआ और उसके पास से हथियार एवं गोला-बारूद भी मिला है. अधिकारियों ने बताया कि अभियान जारी है.

नियंत्रण रेखा के पास पुंछ में आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़, हथियार बरामद

सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पास के गांव में एक आतंकवादी ठिकाने का भंडाफोड़ किया और भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया. एक रक्षा प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी.
उन्होंने कहा कि सतर्क सुरक्षा बलों द्वारा हथियारों की खेप की समय पर बरामदगी ने केंद्र शासित प्रदेश में शांति प्रक्रिया को बाधित करने के ‘‘दुश्मन के नापाक मंसूबों’’ को विफल कर दिया.

प्रवक्ता ने बताया कि हवेली तहसील के नूरकोट गांव में सेना और पुलिस के संयुक्त तलाश अभियान के दौरान इस ठिकाने का पता चला. उन्होंने बताया कि बरामद किये गये हथियार और गोला-बारूद में दो एके-47 राइफल के साथ दो मैगजीन तथा 63 गोलियां, एक 223 बोर की एके आकार की बंदूक, उसकी दो मैगजीन तथा 20 गोलियां और एक चीनी पिस्तौल शामिल है.

पाकिस्तान का नाम लिए बिना प्रवक्ता ने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर में शांति प्रक्रिया को बाधित करने के दुश्मन के नापाक मंसूबों को एक बार फिर सतर्क सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया है.’’ अधिकारियों ने बताया कि विशेष सूचना के आधार पर रविवार देर शाम अभियान चलाया गया, हालांकि इस दौरान किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu