झारखंड: भारी बारिश और जलभराव से सामान्य जनजीवन प्रभावित…

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 30 Jun 2025 02:00 PM
झारखंड: भारी बारिश और जलभराव से सामान्य जनजीवन प्रभावित…
ऑडियो सुनें

जमशेदपुर: झारखंड के कोल्हान क्षेत्र में भारी बारिश के कारण विभिन्न इलाकों में जलभराव से सोमवार को सामान्य जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि जमशेदपुर में खरकई और स्वर्णरेखा नदियां उफान पर हैं और खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

बयान में कहा गया कि सोमवार की सुबह, आदित्यपुर पुल पर खरकई नदी 129 मीटर के ‘लाल निशान’ के मुकाबले 130.65 मीटर पर बह रही थी, जबकि सुवर्णरेखा का जलस्तर 121.50 मीटर के खतरे के निशान के मुकाबले 121.60 मीटर दर्ज किया गया।

कोल्हान क्षेत्र में पूर्वी और पश्चिमी ंिसहभूम तथा सरायकेला-खरसावां जिले शामिल हैं। इस बीच, पूर्वी ंिसहभूम के बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता कुणाल सारंगी ने कहा कि बहरागोड़ा प्रखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई घर जलमग्न हो गए हैं और वाहनों का आवागमन प्रभावित हुआ है।

रविवार को पाटपुर, सकरा और डोमजुड़ी पंचायतों सहित प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने वाले सारंगी ने कहा कि जलभराव से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है और प्रखंड में कई घर जलमग्न हो गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों के लिए भोजन की व्यवस्था करने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का आग्रह किया।

पूर्वी ंिसहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के जिला प्रशासन ने खरकई और स्वर्णरेखा नदियों में अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना के मद्देनजर चेतावनी जारी कर दी है। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि पूर्वी ंिसहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने खरकई और स्वर्णरेखा के जलग्रहण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपील की है कि वे लगातार हो रही बारिश के कारण जल स्तर में अचानक वृद्धि होने की स्थिति में सतर्क रहें और प्रशासन के परामर्श का पालन करें।

उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होती है तो वे सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।
सत्यार्थी ने उप-मंडल अधिकारी, नगर निकायों के अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया और आम जनता से सहयोग की अपील की। उन्होंने लोगों से किसी भी सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने को कहा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital