कन्नड़ अभिनेता दर्शन थूगुदीपा की पत्नी ने प्रशंसकों से शांत रहने की अपील की…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 27 Jun 2024 11:43 AM
कन्नड़ अभिनेता दर्शन थूगुदीपा की पत्नी ने प्रशंसकों से शांत रहने की अपील की…
ऑडियो सुनें

बेंगलुरू: रेणुकास्वामी हत्याकांड मामले में गिरफ्तार किए गए कन्नड़ अभिनेता दर्शन थूगुदीपा की पत्नी ने बुधवार को उनके प्रशंसकों से शांत रहने और अच्छे कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है। दर्शन की पत्नी विजयलक्ष्मी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्रशंसक की कला को साझा किया और साथ ही एक संदेश भी लिखा। उन्होंने अपने पति के प्रशंसकों को “सेलिब्रिटी” करार देते हुए कहा कि अभिनेता को मिल रहे समर्थन से वह “अत्यंत प्रभावित” हैं।

विजयलक्ष्मी ने कहा, “हमारे सभी ‘सेलिब्रिटीज’ के लिए एक संदेश। आप सभी जानते हैं कि दर्शन आप सबसे कितना प्यार करते हैं। यह दुखद है कि आज हम इस स्थिति में हैं और हमें उनसे दूरी बनाकर रखनी पड़ रही है।

मैंने उनसे बाहर की स्थिति के बारे में विस्तार से बात की है और इसने उनके दिल को छू लिया है।” उन्होंने कहा कि दर्शन ने सभी ‘सेलिब्रिटीज’ से शांत रहने और अच्छे कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है। उन्हें पूरा विश्वास है कि वह आपकी प्रार्थनाओं का हिस्सा जरूर होंगे।”

विजयलक्ष्मी ने कहा, “हमें अपने देश की न्याय प्रणाली पर पूरा विश्वास है और मुझे यकीन है कि आने वाले दिन अच्छे होंगे। मेरा दृढ़ विश्वास है कि जो लोग दर्शन की अनुपस्थिति के दौरान उन्हें नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें मां चामुंडेश्वरी देखेंगी।”

विजयलक्ष्मी ने अभिनेता के प्रशंसकों से इस कठिन समय में उनका समर्थन करते रहने का आग्रह करते हुए कहा, “आपका शांत रहना हमारी सबसे बड़ी ताकत होगी। यह समय भी बीत जाएगा। सत्य की जीत होगी।” रेणुकास्वामी की कथित हत्या के मामले में अभिनेता दर्शन और उनकी दोस्त पवित्रा गौड़ा सहित कुल 17 लोग आरोपी हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता के प्रशंसक 33 वर्षीय रेणुकास्वामी ने पवित्रा गौड़ा को अश्लील संदेश भेजे थे, जिससे दर्शन नाराज हो गये और रेणुकास्वामी की कथित तौर पर हत्या कर दी गई। उसका शव नौ जून को यहां सुमनहल्ली में एक अपार्टमेंट के बगल में एक नाले के पास मिला था। दर्शन और अन्य आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav