चुंबन प्रतियोगिता : वीडियो सामने आने पर मेंगलुरु में आठ विद्यार्थियों के विरूद्ध मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 22 Jul 2022 07:30 PM
चुंबन प्रतियोगिता : वीडियो सामने आने पर मेंगलुरु में आठ विद्यार्थियों के विरूद्ध मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

मेंगलुरु. कर्नाटक पुलिस ने यहां एक अपार्टमेंट में चुंबन प्रतियोगिता में शामिल होने को लेकर आठ विद्यार्थियों के विरूद्ध मामला दर्ज किया है. इस कथित प्रतियोगिता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी प्रसारित हुआ था. पुलिस सूत्रों ने बताया कि इन विद्यार्थियों पर भादंसं की धाराएं 376, 354, 354 (सी) और 120 (बी) तथा पोक्सो एवं आईटी कानूनों की संबंधित धाराएं लगायी गयी हैं.

सोशल मीडिया पर चुंबन का वीडियो अपलोड करने वाला 17 वर्षीय एक लड़का आरोपियों में से एक है. समझा जाता है कि ये सभी विद्यार्थी पिछले फरवरी में एक फ्लैट में इकट्ठा हुए थे और उन्होंने ‘ट्रूथ आॅर डेयर’ (सच या चुनौती) प्रतिस्पर्धा की थी. वीडियो में यूनिफॉर्म पहने एक लड़का व लड़की चुंबन लेते नजर आ रहे हैं जबकि उनके दोस्त उनका उत्साह बढ़ा रहे हैं.

सूत्रों ने कहा कि मामला तब दर्ज किया गया जब जांच में सामने आया कि आठों लड़कों ने समूह की दो लड़कियों का इस यौन कृत्य के वीडियो का इस्तेमाल कर विभिन्न मौकों पर अलग-अलग स्थानों पर यौन उत्पीड़न किया. शहर के पुलिस आयुक्त एन शशि कुमार ने कहा कि जांच को उसके तार्किक अंजाम तक ले जाया जाएगा. कुमार ने कहा कि कॉलेज प्रबंधन को विद्यार्थियों की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए तथा घोर अनुशासनहीनता एवं कदाचार के ऐसे मामलों को पुलिस के संज्ञान में लाना चाहिए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu