केएल राहुल का भारत की विश्वकप टीम में शामिल होना तय, सैमसन होंगे बाहर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Sep 2023 08:58 PM
केएल राहुल का भारत की विश्वकप टीम में शामिल होना तय, सैमसन होंगे बाहर
ऑडियो सुनें

पालेकल (श्रीलंका) राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) से फिटनेस प्रमाण पत्र हासिल करने के बाद केएल राहुल का वनडे विश्व कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम में जगह बनाना तय है, जिसकी घोषणा मंगलवार तक की जाएगी. राहुल जांघ के ऑपरेशन के बाद बेंगलुरु स्थित एनसीए में स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं और एशिया कप के लिए भारतीय टीम से जुड़ने के लिए श्रीलंका रवाना होने से पहले वह अपने फिटनेस कार्यक्रम के अंतिम दौर में भाग लेंगे.

माना जा रहा है कि राहुल के मैच के समान परिस्थितियों में अभ्यास करने के बाद एनसीए के ट्रेनर और टीम प्रबंधन को उनकी फिटनेस को लेकर किसी तरह का संदेह नहीं है. विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा करने की अंतिम तिथि पांच सितंबर है और संभावना है कि भारत इससे पहले अपनी टीम घोषित कर देगा. राहुल को फिटनेस संबंधी मंजूरी प्रमाण पत्र मिलने के बाद चयनकर्ता अब टीम की घोषणा करने के लिए तैयार हैं. विश्व कप में राहुल को विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभानी पड़ सकती है.

चयन समिति के अध्यक्ष अजित आगरकर शनिवार को पालेकल पहुंच गए थे और माना जा रहा है कि उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मैच के बारिश की भेंट चढ़ने के बाद कप्तान रोहित शर्मा और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ से टीम को लेकर चर्चा की. ईशान किशन विश्वकप में टीम के दूसरे विकेटकीपर होंगे. पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार को 81 रन की शानदार पारी खेलने के बाद उन्होंने टीम में अपनी जगह पक्की कर दी.

इसका मतलब है कि संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिलेगी. वह रिजर्व विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में अभी टीम के साथ श्रीलंका में हैं. एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने के बावजूद सूर्यकुमार यादव को टीम में जगह मिलना तय है. वेस्टइंडीज के खिलाफ सूर्यकुमार वनडे में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे तथा उन्होंने तीन मैचों में केवल 78 रन बनाए थे. हालांकि टीम प्रबंधन का मानना है कि उनकी उपस्थिति से मध्यक्रम को मजबूती मिलेगी.

कप्तान रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर का चयन पक्का है जिसका मतलब है कि तिलक वर्मा को अभी बाहर बैठना होगा. जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और मोहम्मद शमी तेज गेंदबाजी विभाग का जिम्मा संभालेंगे जिसमें उनका साथ ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और शार्दुल ठाकुर देंगे. इसका मतलब है कि एशिया कप के लिए भारतीय टीम में शामिल प्रसिद्ध कृष्णा को विश्वकप टीम में जगह नहीं मिलेगी.

स्पिन विभाग की जिम्मेदारी बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव संभालेंगे जिन्होंने 2023 में भारत की तरफ से वनडे में सर्वाधिक 22 विकेट लिए हैं. कुलदीप और रविंद्र जडेजा भारत की पहली पसंद के दो स्पिनर होंगे.  यह कुलदीप का दूसरा विश्वकप होगा. उन्होंने इंग्लैंड में 2019 में खेले गए विश्वकप में सात मैचों में छह विकेट लिए थे.

चयनकर्ता और टीम प्रबंधन तीसरे स्पिनर के रूप में अक्षर पटेल को टीम में रखना पसंद करेगे जिसका मतलब है कि अनुभवी रविचंद्रन अश्विन और यूज.वेंद्र चहल को टीम में जगह नहीं मिल पाएगी.

विश्व कप 2023 के लिए भारत की संभावित टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, अक्षर पटेल, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu