गुरुग्राम का कार्यक्रम रद्द होने के बाद कुणाल कामरा ने विहिप को गोडसे की निंदा करने की चुनौती दी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Sep 2022 06:51 PM
गुरुग्राम का कार्यक्रम रद्द होने के बाद कुणाल कामरा ने विहिप को गोडसे की निंदा करने की चुनौती दी
ऑडियो सुनें

मुंबई. दक्षिणपंथी संगठनों की धमकियों के बाद गुरुग्राम में कार्यक्रम रद्द होने के कुछ दिन बाद ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ कुणाल कामरा ने रविवार को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) को एक खुला पत्र लिखकर चुनौती दी कि वह महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे कीनिंदा करे.

अतीत में कई मुद्दों पर भाजपा नीत केंद्र सरकार की आलोचना करने वाले हास्य कलाकार कामरा ने खुद को विहिप से ‘‘बड़ा हिंदू’’ घोषित करते हुए कहा कि वह डरा-धमकाकर अपनी आजीविका नहीं कमाते हैं. कामरा ने विहिप के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर टैग पत्र में लिखा, ‘‘ मैं जोर से और गर्व से जय श्री सीता-राम और जय राधा कृष्ण कहता हूं. अब अगर तुम सच में भारत की संतान हो, तो गोडसे मुर्दाबाद लिखकर भेजो. नहीं तो मैं समझूंगा कि तुम लोग हिंदू विरोधी और आतंक समर्थक हो.’’

उन्होंने पत्र में लिखा, ‘‘ मुझे मत बताओ कि तुम गोडसे को भगवान मानते हो? अगर मानते हो तो आगे भी मेरे शो रद्द करवाते रहना. मुझे सिर्फ इस बात की खुशी रहेगी कि मैं तुम्हारे से ज्यादा हिंदू होने की परीक्षा में तुमसे जीत गया.’’ कामरा ने कहा, ‘‘ मैं जो कुछ भी करूंगा, अपनी मेहनत की ही रोटी खाऊंगा क्योंकि मुझे तुमसे बड़ा हिंदू होने के नाते लगता है कि किसी को डरा-धमका कर टुकड़े खाना पाप है.’’ अपने पत्र में, कामरा ने दक्षिणपंथी संगठनों से इस बाबत सबूत पेश करने की भी मांग की कि वह अपने कार्यक्रम में हिंदू देवी-देवताओं का मजाक उड़ाते हैं.

कामरा को गुरुग्राम के सेक्टर-29 में स्थित स्टूडियो एक्सओ बार में 17 और 18 सितंबर को शो करना था. विहिप और बजरंग दल ने शो रद्द करने की मांग करते हुए शुक्रवार को तहसीलदार के जरिये उपायुक्त निशांत कुमार यादव को एक ज्ञापन सौंपा. हिन्दू दक्षिणपंथी संगठनों के सदस्यों ने कहा कि यदि शो रद्द नहीं किया गया, तो वे इसके विरोध में प्रदर्शन करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu