कानून व्यवस्था चरमरा गई है और दिल्ली में जंगल राज कायम है: अरविंद केजरीवाल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Sep 2024 09:58 PM
कानून व्यवस्था चरमरा गई है और दिल्ली में जंगल राज कायम है: अरविंद केजरीवाल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख नेता अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी में व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर गोलीबारी की घटनाओं का हवाला देते हुए दावा किया कि दिल्ली में कानून-व्यवस्था चरमरा गई है और जंगल राज कायम है. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को तुरंत प्रभावी कदम उठाने होंगे क्योंकि राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनके अधिकार क्षेत्र में आता है.

उन्होंने कहा, ”दिल्ली में कानून व्यवस्था चरमरा गई है. पूरी तरह से जंगल राज है. देश की राजधानी में लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. दिल्ली की कानून व्यवस्था अमित शाह जी के अधिकार क्षेत्र में आती है. उन्हें तुरंत प्रभावी कदम उठाने होंगे.” पिछले कुछ दिनों में दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से गोलीबारी की घटनाएं सामने आई हैं, जहां सेकेंड हैंड लग्जरी कार के शोरूम, एक होटल और मिठाई की एक दुकान को निशाना बनाया गया था. पुलिस को संदेह है कि ये घटनाएं गिरोहों द्वारा जबरन वसूली के प्रयास से संबंधित हैं.

दिल्ली विधानसभा के सत्र में सत्तारूढ़ आप विधायकों ने शुक्रवार को कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया और दावा किया कि राजधानी में व्यापारियों और कारोबारियों को विभिन्न गिरोहों से जबरन वसूली के लिए आने वाली कॉल की संख्या में भी वृद्धि हुई है. उन्होंने दिल्ली पुलिस पर भी नि्क्रिरयता का आरोप लगाया तथा दावा किया कि लोगों का उन पर से भरोसा उठ गया है और वे सीधे गिरोहों के साथ मिलकर मामले को रफादफा कर रहे हैं. आप विधायकों ने ऐसे अपराधों पर नजर रखने के लिए पुलिस थाना स्तर पर निगरानी समितियों को फिर से बहाल करने की भी मांग की है.

दिल्ली में दहशत का माहौल, उपराज्यपाल से मिलेंगे ‘आप’ नेता : सौरभ भारद्वाज

दिल्ली में कानून-व्यवस्था को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच, आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल वी के सक्सेना की भूमिका और प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए रविवार को दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में गोलीबारी की ताजा घटनाओं के कारण दहशत का माहौल है.

उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह और विधायक दुर्गेश पाठक समेत कई आप नेता सोमवार को उपराज्यपाल से मिलकर शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की मांग करेंगे. भारद्वाज और पाठक ने रविवार को नारायणा शोरूम का दौरा किया, जहां हाल ही में गोलीबारी की घटना हुई थी. उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं से राजधानीवासियों और व्यापार मालिकों में डर बढ़ रहा है.

भारद्वाज ने अपने दौरे के दौरान कहा, ”यह नारायणा का मुख्य सड़क क्षेत्र है, जो शाम 7:15 बजे के आसपास व्यावसायिक रूप से सर्वाधिक व्यस्त रहता है. ऐसे समय में गैंगस्टर हथियारों के साथ एक शोरूम में घुसकर 24 गोलियां चलाते हैं. अंदर मौजूद एक व्यक्ति के सिर से बंदूक सटा दी गई.” पाठक ने व्यापारियों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों के बावजूद पुलिस की कथित नि्क्रिरयता की आलोचना की और बताया कि शोरूम प्रधानमंत्री के आवास से केवल कुछ किलोमीटर की दूरी पर है.

इससे पहले दिन में भारद्वाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपराज्यपाल से पुलिस आयुक्त और गृहमंत्री अमित शाह के साथ गोलीबारी वाले स्थल का दौरा करने की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में दहशत का माहौल है, ऐसी स्थिति पहले कभी पैदा नहीं हुई. भारद्वाज ने राजधानी में सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं को रेखांकित करते हुए कहा, ”आज दिल्ली में दहशत का माहौल है. मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह सकता हूं कि मेरी दिल्ली में ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं रही.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu