लिविंगस्टोन घुटने की चोट के कारण IPL से हटे; बटलर, जैक्स, टॉपली भी इंग्लैंड लौटे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 13 May 2024 08:58 PM
लिविंगस्टोन घुटने की चोट के कारण IPL से हटे; बटलर, जैक्स, टॉपली भी इंग्लैंड लौटे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पंजाब किंग्स के हरफनमौला खिलाड़ी लियाम लिविंगस्टोन अगले महीने होने वाले टी20 विश्व कप से पहले घुटने की चोट से उबरने के लिए सोमवार को इंग्लैंड लौट गए. लिविंगस्टोन के अलावा जोस बटलर (राजस्थान रॉयल्स), विल जैक्स और रीस टॉपली (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) ने भी 22 मई से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाली टी20 श्रृंखला से पहले इंग्लैंड टीम में शामिल होने के लिए आईपीएल छोड़ दिया है. पंजाब किंग्स की टीम 12 मैच में सिर्फ चार जीत के साथ पहले ही इंडियन प्रीमियर लीग के प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है और अभी आठ अंक के साथ अंक तालिका में अंतिम स्थान पर है.

लिविंगस्टोन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ”आईपीएल का एक और साल हो गया, आगामी विश्व कप के लिए अपने घुटने को ठीक कराना पड़ेगा.” उन्होंने लिखा, ”पंजाब किंग्स के प्रशंसकों को उनके प्यार और समर्थन के लिए एक बार फिर धन्यवाद. टीम और निजी तौर पर निराशाजनक सत्र लेकिन हमेशा की तरह मैंने आईपीएल में हर मिनट खेलने का लुत्फ उठाया.”

स्वदेश लौटने के कारण लिविंगस्टोन राजस्थान रॉयल्स (15 मई) और सनराइजर्स हैदराबाद (19 मई) के खिलाफ पंजाब किंग्स के अंतिम दो मैच के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. लिविंगस्टोन की चोट गंभीर नहीं है लेकिन ‘ईएसपीएनक्रिकइंफो’ के अनुसार इंग्लैंड के टीम प्रबंधन ने 22 मई से पाकिस्तान के खिलाफ शुरू हो रही घरेलू टी20 श्रृंखला से पहले उन्हें उपचार के लिए अधिक समय देने का फैसला किया है.

पाकिस्तान के खिलाफ श्रृंखला के बाद गत चैंपियन इंग्लैंड की टीम आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए वेस्टइंडीज रवाना होगी जहां वह बारबडोस के ब्रिजटाउन में चार जून को स्कॉटलैंड के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी. लिविंगस्टोन आईपीएल के मौजूदा सत्र में सात मैच में सिर्फ 111 रन ही बना सके और उन्होंने सिर्फ तीन विकेट चटकाए. आईपीएल में खेल रहे इंग्लैंड की विश्व कप टीम में शामिल मोईन अली (चेन्नई सुपरकिंग्स), सैम कुरेन, जॉनी बेयरस्टो (दोनों पंजाब किंग्स) और फिल सॉल्ट (कोलकाता नाइट राइडर्स) जल्द ही स्वदेश लौट जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu