वेनेजुएला के राष्ट्रपति चुनाव में मादुरो विजेता घोषित, विपक्ष ने अनियमितता का आरोप लगाया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jul 2024 08:42 PM
वेनेजुएला के राष्ट्रपति चुनाव में मादुरो विजेता घोषित, विपक्ष ने अनियमितता का आरोप लगाया
ऑडियो सुनें

काराकस. वेनेजुएला में रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में निकोलस मादुरो को विजेता घोषित किया गया. हालांकि, विपक्षी नेता नतीजों का विरोध करने की तैयारी कर रहे हैं. मध्यरात्रि के बाद राष्ट्रीय चुनाव परिषद ने बताया कि मादुरो को 51 प्रतिशत वोट मिले हैं, जबकि मुख्य विपक्षी उम्मीदवार एडमुंडो गोंजालेज के खाते में 44 फीसदी वोट गए हैं.

मादुरो के वफादारों द्वारा नियंत्रित चुनाव प्राधिकरण ने अभी तक 30,000 मतदान केंद्रों के आधिकारिक मतदान आंकड़े जारी नहीं किए हैं, जिससे विपक्ष नतीजों की पुष्टि नहीं कर पा रहा है. विदेशी नेताओं ने अभी परिणामों को मान्यता नहीं दी है क्योंकि चुनाव परिषद ने ”आगामी घंटों” में आधिकारिक आंकड़ें जारी करने का वादा किया है.

चिली के वामपंथी नेता गैब्रियल बोरिक ने कहा, ”मादुरो सरकार को यह समझना चाहिए कि जो नतीजे उसने प्रकाशित किए हैं, उन पर विश्वास कर पाना मुश्किल है.” अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने तोक्यो में कहा कि उनके देश को ”गंभीर चिंता है कि घोषित किए गए नतीजे वेनेजुएला के लोगों की इच्छा या वोटों को प्रतिबिंबित नहीं करते हैं.”

जब मादुरो अंतत? नतीजों का जश्न मनाने के लिए बाहर आए, तो उन्होंने अज्ञात विदेशी दुश्मनों पर मतदान प्रणाली को हैक करने की कोशिश करने का आरोप लगाया उन्होंने राष्ट्रपति आवास में मौजूद कुछ सैकड़ों समर्थकों से कहा, ”यह पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस देश की शांति भंग करने की कोशिश की है.” उन्होंने अपनी जीत के समर्थन में कोई सबूत नहीं दिया लेकिन वेनेजुएला में हिंसा भड़काने की कोशिश करने वालों को सजा देने का वादा किया.

विपक्षी प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने मतदान केंद्रों पर जो आंकड़े जुटाए थे, उससे पता चलता है कि गोंजालेज, मादुरो को हरा रहे हैं. इस बीच, चुनाव परिषद के प्रमुख ने कहा कि वह आगामी कुछ घंटों में आधिकारिक मतदान आंकड़े जारी करेंगे. राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने तीसरे कार्यकाल के लिए गोंजालेज की कड़ी चुनौती का सामना किया. विपक्षी नेताओं को गोंजालेज की जीत का पूरा भरोसा था और उन्होंने कुछ मतदान केंद्रों के बाहर जश्न मनाना शुरू भी कर दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu