बीजद छोड़ने के एक दिन बाद ममता मोहंता भाजपा में शामिल

नयी दिल्ली. बीजू जनता दल (बीजद) की पूर्व नेता ममता मोहंता राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने और नवीन पटनायक के नेतृत्व वाली पार्टी छोड़ने के एक दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं. मोहंता यहां भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह और ओडिशा प्रभारी विजय पाल सिंह समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुईं. इस अवसर पर ओडिशा के कुछ भाजपा सांसद भी मौजूद थे.

मोहंता का पार्टी में स्वागत करते हुए भाजपा के ओडिशा प्रभारी विजय पाल सिंह ने कहा कि उनके शामिल होने से पार्टी को और मजबूती मिलेगी. उन्होंने उम्मीद जताई कि वह भारत को एक विकसित देश और ओडिशा को एक विकसित राज्य बनाने के लिए पार्टी के संकल्प पत्र के क्रियान्वयन में योगदान देंगी.

विजय पाल सिंह ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”वह (ओडिशा में) आदिवासी क्षेत्र से आती हैं. उनके पार्टी में शामिल होने से भाजपा को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी.” भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने भी मोहंता का स्वागत किया और कहा कि वह भाजपा की विचारधारा को अपनाते हुए पार्टी में शामिल हुई हैं.

अरुण सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ”उन्होंने मयूरभंज और ओडिशा के कई अन्य हिस्सों में महिला सशक्तिकरण के लिए बहुत काम किया है. वह बीजद की महिला मोर्चा की अध्यक्ष थीं. उनके पार्टी में शामिल होने से भाजपा को निश्चित रूप से मजबूती मिलेगी.” पत्रकारों से बातचीत में मोहंता ने कहा कि वह जन सेवा और जन कल्याण के दो लक्ष्यों के साथ सार्वजनिक जीवन में आई हैं. उन्होंने कहा, ”मैं भाजपा में शामिल हुई क्योंकि मुझे लगा कि मैं यहां रहते हुए अपने लक्ष्य हासिल कर सकती हूं.”

बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक को लिखे अपने त्यागपत्र में मोहंता ने कहा कि उन्हें लगता है कि पार्टी में उनकी सेवा और उनके समुदाय की कोई जरूरत नहीं है. मोहंता के इस्तीफे के साथ ही राज्यसभा में बीजद सदस्यों की संख्या घटकर आठ रह गई है. लोकसभा में बीजद का कोई सदस्य नहीं है. ओडिशा से राज्यसभा की 10 सीट हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button