ICC वर्ष के क्रिकेटर के पुरस्कार की दौड़ में मंधाना अकेली भारतीय

दुबई. आईसीसी वर्ष के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर के पुरस्कार की दौड़ में महिला और पुरूष दोनों वर्गों में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना अकेली भारतीय हैं. मंधाना का सामना इंग्लैंड की नेट स्किवेर , न्यूजीलैंड की एमेलिया केर और आस्ट्रेलिया की बेथ मूनी से होगा. पुरूष वर्ग में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम, इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स, जिम्बाब्वे के हरफनमौला सिकंदर रजा और न्यूजीलैंड के टेस्ट कप्तान टिम साउदी दौड़ में हैं.

स्टोक्स वर्ष के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर के पुरस्कार की दौड़ में भी हैं . उनके अलावा इंग्लैंड के ही जॉनी बेयरस्टॉ, आस्ट्रेलिया के उस्मान ख्वाजा और दक्षिण अफ्रीका के कैगिसो रबाडा भी दौड़ में हैं. पुरस्कार के लिये मतदान अगले सप्ताह शुरू होगा जिसमें दुनिया भर के क्रिकेटप्रेमी और आईसीसी की एलीट मतदान समिति वोट डाल सकेगी . इस समिति में अनुभवी मीडिया प्रतिनिधि शामिल होंगे.

वर्ष 2021 में आईसीसी की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर रह चुकी मंधाना एक बार फिर पुरस्कार की दौड़ में है . सभी प्रारूपों में मिलाकर वह भारत के लिये सर्वाधिक रन बना चुकी है . टी20 में उन्होंने पिछले साल 594 रन और वनडे में 696 रन बनाये. महिला विश्व कप और राष्ट्रमंडल खेलों में भी उनका प्रदर्शन सराहनीय रहा.

पुरूष वर्ग में स्टोक्स पुरस्कार के प्रबल दावेदार हैं . स्टोक्स की कप्तानी में इंग्लैंड ने दस में से नौ टेस्ट जीते हैं . उन्होंने 870 रन भी बनाये जिसमें दो शतक शामिल है . इसके अलावा पिछले साल उन्होंने 26 विकेट लिये .

आईसीसी पुरस्कारों के लिये नामांकन सूची : वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरूष क्रिकेटर : बाबर आजम, सिकंदर रजा, टिम साउदी, बेन स्टोक्स वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर : एमेलिया केर, स्मृति मंधाना, बेथ मूनी, नेट स्किवेर वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरूष टेस्ट क्रिकेटर : जॉनी बेयरस्टॉ, उस्मान ख्वाजा, कैगिसो रबाडा, बेन स्टोक्स वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरूष वनडे क्रिकेटर : बाबर आजम, शाइ होप, सिकंदर रजा, एडम जाम्पा

वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला वनडे क्रिकेटर : एलिसा हीली, शबनम इस्माइल, एमेलिया केर, नेट स्किवेर वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला टी20 क्रिकेटर : निदा दार, सोफी डेवाइन, स्मृति मंधाना , ताहलिया मैकग्रा वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरूष टी20 क्रिकेटर : सैम करेन, सिकंदर रजा, मोहम्मद रिजवान, सूर्यकुमार यादव उदीयमान पुरूष क्रिकेटर : फिन एलेन, मार्को जेनसेन, अर्शदीप सिंह, इब्राहिम जदरान उदीयमान महिला क्रिकेटर : यस्तिका भाटिया, डारसी ब्राउन, एलिस केपसे, रेणुका सिंह .

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button