मनु और सरबजोत मिश्रित टीम कांस्य पदक के मुकाबले में, कांसे से चूके अर्जुन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jul 2024 07:44 PM
मनु और सरबजोत मिश्रित टीम कांस्य पदक के मुकाबले में, कांसे से चूके अर्जुन
ऑडियो सुनें

शेटराउ. आत्मविश्वास से ओतप्रोत मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दूसरे पदक की ओर कदम बढाते हुए सरबजोत सिंह के साथ सोमवार को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा के कांस्य पदक के मुकाबले के लिये भी क्वालीफाई कर लिया लेकिन अर्जुन बबूता 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य से मामूली अंतर से चूक गए. रमिता जिंदल महिलाओं के 10 मीटर एयर राइफल में सातवें स्थान पर रही.

बाईस वर्ष की मनु ने रविवार को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था और ओलंपिक पदक जीतने वाली वह पहली भारतीय महिला निशानेबाज बनी . भारत को उन्होंने ओलंपिक की निशानेबाजी रेंज पर 12 साल बाद पदक दिलाया था. मनु और सरबजोत ने मिश्रित टीम स्पर्धा में 580 स्कोर करके पदक के दौर में प्रवेश किया जहां उनका सामना मंगलवार को कोरिया के ओह यि जिन और ली वोन्हो से होगा .

पुरूषों के 10 मीटर एयर राइफल में अर्जुन बबूता पदक जीतने के करीब पहुंचने के बाद पुरूषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहे . बबूता ने 208 . 4 स्कोर किया. क्रोएशिया के मिरान मारिसिच के 10 . 7 के जवाब में उनका 9 . 5 का शॉट भारी पड़ गया.
उन्होंने फाइनल की शुरूआत 10 . 7 से की और फिर 10 . 2 स्कोर किया . तीसरे शॉट पर 10 . 5 स्कोर के साथ वह चौथे स्थान पर पहुंच गए और फिर 10 . 4 के साथ तीसरे स्थान पर पहुंचे . पहली सीरिज उन्होंने 10 . 6 पर खत्म की.

दूसरी सीरिज में उन्होंने 10 . 7, 10 . 5, 10 . 8 के पहले तीन शॉट लगाये . इस समय उनके और विश्व रिकार्डधारी चीन के शेंग लिहाओ से 0 . 1 अंक ही पीछे थे. लिहाओ ने 252 . 2 के ओलंपिक रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता . स्वीडन के विक्टर लिंडग्रेन को रजत और क्रोएशिया के मारिसिच को कांस्य पदक मिला . इससे पहले रियो ओलंपिक में अभिनव बिंद्रा इसी स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहे थे.
10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम में भारत की रिदम सांगवान और अर्जुन सिंह चीमा की जोड़ी 576 के स्कोर के साथ दसवें स्थान पर रही और पदक की दौड़ में शामिल नहीं हो सकी.

क्वालीफिकेशन में 582 के ओलंपिक रिकॉर्ड की बराबरी करने वाले तुर्किये और र्सिबया (581) के बीच स्वर्ण पदक का मुकाबला होगा .
मनु ने पहली दो सीरिज में 98 स्कोर किया लेकिन तीसरे सेट में 95 स्कोर कर सकी . वहीं पुरूषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के व्यक्तिगत दौर में फाइनल से चूके सरबजोत ने दूसरे और तीसरे सेट में 97 स्कोर किया जबकि पहले सेट में उनका स्कोर 95 था .
वहीं भारत की रमिता जिंदल महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा के फाइनल में सातवें स्थान पर रही.

बीस वर्ष की रमिता ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 145 . 3 स्कोर किया . वह दस शॉट के बाद सातवें स्थान पर थी जब एलिमिनेशन शुरू हुआ. इसके बाद उसने 10 . 5 का शॉट लगाकर छठा स्थान हासिल किया और नॉर्वे की हेग लीनेट डस्टाड बाहर हो गई. अगले शॉट पर रमिता बाहर हुई. रविवार को क्वालीफिकेशन में वह पांचवें स्थान पर रही थी. हांगझोउ एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता रमिता ने विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता मेहुली घोष और तिलोत्तमा सेन को घरेलू ट्रायल में हराकर पेरिस का टिकट कटाया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu