मनु भाकर के समर्पण, कड़ी मेहनत और जुनून ने वाकई रंग दिखाया: अभिनव बिंद्रा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Jul 2024 07:14 PM
मनु भाकर के समर्पण, कड़ी मेहनत और जुनून ने वाकई रंग दिखाया: अभिनव बिंद्रा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के एकमात्र निशानेबाजी स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने रविवार को मनु भाकर के पेरिस ओलंपिक के दूसरे दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कांस्य पदक जीतने के बाद कहा कि इस 22 साल की निशानेबाज के अथक समर्पण, कड़ी मेहनत और जुनून ने सचमुच रंग दिखाया. बिंद्रा ने मनु भाकर को निशानेबाजी में भारत की पहली महिला पदक विजेता बनने के लिए शुभकामनाएं दीं.

बिंद्रा ने ‘एक्स’ पर लिखा, ”पेरिस 2024 में एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के लिए मनु भाकर को हार्दिक बधाई. आपकी अथक लगन, कड़ी मेहनत और जुनून ने वाकई रंग दिखाया. ” उन्होंने लिखा, ”आपके कौशल और दृढ़ संकल्प को देखना अविश्वसनीय है, आपने हर शॉट से भारत को गौरवान्वित किया. यह उपलब्धि आपकी दृढ़ता और दृढ़ संकल्प का प्रमाण है. चमकते रहो, मनु. ” भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि उनकी उपलब्धि कई खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी.

उन्होंने कहा, ”पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में कांस्य पदक से भारत का पदक तालिका में खाता खोलने के लिए मनु भाकर को हार्दिक बधाई. ” उन्होंने कहा, ”वह निशानेबाजी प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं. भारत को मनु भाकर पर गर्व है. उनकी उपलब्धि कई खिलाड़ियों और विशेषकर महिलाओं को प्रेरित करेगी. मैं कामना करती हूं कि वह भविष्य में उपलब्धियों की नई ऊंचाइयों को छूएं. ”

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लिखा, ”गर्व का पल,मनु भाकर ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में कांस्य पदक जीतकर पेरिस ओलंपिक में भारत का पहला पदक जीता. उन्होंने लिखा, ”मनु को बधाई, आपने अपना कौशल और समर्पण दिखाया है. आप ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली महिला निशानेबाज बन गई हैं. ” मनु के पिता रामकिशन ने कहा कि उनकी बेटी की कड़ी मेहनत रंग लाई.

उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ”हम बहुत खुश हैं और हमारे सभी दोस्त हमें बधाई दे रहे हैं. उसकी कड़ी मेहनत रंग लाई और मनु ने आखिरकार यह कर दिखाया. ” मनु की मां सुमेधा ने कहा, ”मैं उसका समर्थन करने के लिए आप सभी का शुक्रिया अदा करती हूं और मुझे उम्मीद है कि आप सभी उसे आशीर्वाद देते रहेंगे. ” हरियाणा के झज्जर में उसके घर पर जश्न में शामिल होने वालों में मनु के चाचा भी शामिल थे.

मनु के चाचा प्रताप सिंह ने कहा, ”मैं बहुत खुश हूं. मैंने उसे बहुत प्रेरित किया. मैंने उसे बड़ों का सम्मान करने और खुद पर विश्वास करने के लिए कहा. ओलंपिक में यह बहुत बड़ी उपलब्धि है. ” उनकी दादी दया कौर ने कहा, ”मेरा आशीर्वाद उस पर है. ” मनु के चाचा बलजीत सिंह ने कहा, ”हमें स्वर्ण पदक की उम्मीद थी, लेकिन हम फिर भी खुश हैं. वह पदक जीतने वाली सबसे कम उम्र की भारतीय महिला हैं. वह बहुत मेहनती है. हमें उम्मीद है कि बची स्पर्धाओं में भी वह स्वर्ण पदक जीतेगी. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu