मोदी सरकार ने चर्चा के लिए संसद का दरवाजा बंद किया, इसलिए निकालनी पड़ रही है ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ : खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 10 Jan 2024 08:06 PM
मोदी सरकार ने चर्चा के लिए संसद का दरवाजा बंद किया, इसलिए निकालनी पड़ रही है ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ : खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/जयपुर. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने चर्चा के लिए संसद का दरवाजा बंद कर दिया है, इसलिए लोगों की आवाज उठाने के मकसद से राहुल गांधी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकालनी पड़ रही है. उन्होंने पार्टी के अग्रिम संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों की बैठक में यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर प्रगति हो रही है तथा इस गठबंधन की ताकत से भाजपा डर गई है.

खरगे ने कहा, ”विपरीत माहौल के बावजूद हालिया विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को भाजपा से भी अधिक कुल 4.92 करोड़ वोट मिले, लेकिन उम्मीद के मुताबिक सीटें हमें नहीं मिलीं. इन बातों की समीक्षा बैठकों में हुई है. पीछे देखने के साथ अब हमें आगे देखना है. हमें भरोसा है कि हमारी मेहनत रंग लाएगी.” उन्होंने कहा, ”आप सभी महसूस कर रहे होंगे कि देश बदलाव चाहता है, लेकिन इसे साकार बनाने के लिए हमें जमीनी स्तर पर रात-दिन श्रम करना होगा.”

खरगे ने कहा, ”राहुल गांधीजी के नेतृत्व में 14 जनवरी से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ मणिपुर से शुरू होने वाली है. करीब 6,700 किलोमीटर दूरी तय करके यह यात्रा 15 राज्यों से होकर मुंबई में समाप्त होगी. यह सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय तीनों पर केंद्रित है. इस यात्रा की सफलता में हम सबकी भूमिका होगी.” उन्होंने कहा, ”ये आम यात्रा नहीं, बल्कि देश में लोकतंत्र और संविधान बचाने की यात्रा है. राहुल जी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकली, जो ऐतिहासिक रूप से बेहद सफल रही. फिर भी यह यात्रा निकालनी पड़ी, क्योंकि संसद जैसे राष्ट्रीय मंच का दरवाज.ा मोदी सरकार ने बंद कर दिया है. देश के बुनियादी मसलों पर संसद में चर्चा बंद है.” उन्होंने दावा किया कि मणिपुर से लेकर संसद की सुरक्षा, बेरोजगारी, महंगाई और दूसरे सभी सवालों पर संसद में चर्चा की इज़ाज़त ही नहीं है.

खरगे ने कहा, ”बीते शीतकालीन सत्र में देश के संसदीय इतिहास में सबसे ज्यादा 146 विपक्षी सांसद निलंबित किए गए. इनका गुनाह क्या था. ये सांसद संसद पर हमले की घटना पर चर्चा चाहते थे. सरकार ने इनको निलंबित किया और फिर आपराधिक कानूनों से संबंधित विधेयक, दूरसंचार विधेयक, निर्वाचन आयुक्त विधेयक जैसे विधेयकों को बिना विपक्ष की भागीदारी के पारित कराया.”

उन्होंने कहा, ”जनविरोधी विधेयक उसी तरह पारित हुए, जैसे 2020 में कृषि कानूनों को पास किया था. अब जनता इनका विरोध करने लगी है.” खरगे ने दावा किया कि भाजपा इन मुद्दों पर अपनी विफलता को स्वीकार करने से बच रही है और इसलिये भावनात्मक कार्ड खेल कर ध्यान भटका रही है.

उन्होंने कहा, ”आज माहौल अलग है. विपक्ष एक साथ है. इसीलिए ‘इंडिया’ गठबंधन की ताकत से राजग की बेचैनी साफ दिख रही है. वे ‘इंडिया’ गठजोड़ की शक्ति को समझ गए हैं.” खरगे के अनुसार, गत 19 दिसंबर को दिल्ली में हुई ‘इंडिया’ गठबंधन की चौथी बैठक में सीट-बंटवारे से लेकर तमाम मसलों पर चर्चा हुई थी तथा उसमें प्रगति हो रही है और काम जारी है. उन्होंने कहा कि इस बीच, कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर पार्टी ने नागपुर में एक बड़ी स़फल रैली की और कई पहल की हैं.

उन्होंने अग्रिम संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों से कहा, ”चुनाव के लिहाज से आप सभी को भी अपनी भूमिकाओं का विस्तार करना है. मतदाताओं के साथ लगातार संपर्क में रहना है. उनके सवालों का जवाब देने के साथ राजनीतिक विरोधियों द्वारा फैलायी जा रही झूठी बातों की काट करनी है. अपनी बात भी रखनी है. हमेशा अनुशासन में रहना है.” कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ”अहंकार, पाप और झूठ की उम्र बहुत कम होती है, लेकिन सत्य अजर अमर होता है. हमारे नायकों ने सत्य के रास्ते संघर्ष का जो रास्ता हमें सिखाया है, उसी पर कायम रहते हुए जनता को न्याय दिलाने के साथ हम विजय हासिल करेंगे.”

लोकसभा चुनाव में ‘इंडिया’ गठबंधन जीतेगा: पायलट

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने बुधवार को दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस'(‘इंडिया’) जीतेगा और केंद्र में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को पराजय मिलेगी.
यहां कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में पायलट ने यह बात कही. राज्य की करणपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तो चुनाव लड़ रहे अपने प्रत्याशी को मंत्री तक बनाया लेकिन मतदाताओं ने उसे हरा दिया.

उन्होंने कहा, ‘जनता और मतदाता इस तरह से बहकते नहीं हैं.. सही और गलत की पहचान करते हैं .. तो जनता जनार्दन अंतिम निर्णय करेगी और मुझे पूरा विश्वास है कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भी ‘इंडिया’ गठबंधन जीतेगा. हम लोग जीतकर आयेंगे और राजग को पराजय मिलेगी.’ अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के निमंत्रण पर पायलट ने कहा, ‘मंदिर के दर्शन करने के लिये किसी के निमंत्रण की जरूरत नहीं है.. मेरा जब मन करेगा मैं जाऊंगा और देश में जितने भी तीर्थ हैं, वहां हमारे साथी लोग जाते हैं.. यह भावनात्मक मुद्दा है.. धार्मिक मुद्दा है, मैं समझता हूं कि इस पर राजनीति करना गलत है.ह्व

भाजपा पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ‘आपको राजनीति करनी हैङ्घ मुद्दों पर करें. आप निवेश, गरीबों, किसान, अपनी आर्थिक नीतियों पर, महंगाई कम कैसे करें उस पर बात करें.’ उन्होंने कहा, ‘आस्था, धर्म, पाठ पूजा का विषय व्यक्तिगत है. हम सब भगवान राम को मानते हैं, मानते रहेंगे, लेकिन इसका भाजपा जिस तरह लाभ लेना चाहती है, मैं इसे गलत मानता हूं.’ राज्य सरकार के विभागों के बंटवारे में भाजपा के वरिष्ठ नेता किरोड़ी लाल मीणा को कृषि मंत्रालय दिए जाने पर भी पायलट ने कहा, ‘यह निर्णय सरकार और भाजपा का है लेकिन मैं मानता हूं उन्होंने अपनी पार्टी के लिये जो मेहनत की थी, उसे देखते हुए उनके साथ न्याय नहीं हुआ है.”

‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं के संपर्क में खरगे, ‘बहुत जल्द’ होगा सीट बंटवारा : कांग्रेस

कांग्रेस ने विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के घटक दलों के साथ लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू करने के बाद बुधवार को कहा कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस गठबंधन के घटक दलों के नेताओं के साथ निरंतर सपंर्क में हैं ताकि बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जा सके. पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि सीट बंटवारे को बहुत जल्द अंतिम रूप दे दिया जाएगा.

कांग्रेस ने यह बयान ऐसे वक्त दिया है जब ऐसी चर्चा है कि ‘इंडिया’ गठबंधन का एक संयोजक हो सकता है और इस पद के लिए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम प्रमुखता से सामने आया है. कुछ महीने बाद होने वाले लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मुकाबला करने के लिए 28 दल ‘इंडिया’ गठबंधन में एक साथ आए हैं.

रमेश ने कहा, ”खरगे जी ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी दलों के नेताओं के संपर्क में हैं ताकि गठबंधन में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए सर्वश्रेष्ठ ढांचा कैसे बनाया जाए.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने नीतीश कुमार सहित सभी नेताओं से बात की है और गठबंधन के भीतर प्रमुख मुद्दों पर निर्णय जल्द लिए जाएंगे.

रमेश का कहना था, ”सभी राजनीतिक दलों के साथ चर्चा शुरू हो गई है. कुछ दलों के साथ बातचीत अंतिम चरण में हैं और कुछ के साथ अभी शुरुआती चरण में हैं.” उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और बिहार में जनता दल (यूनाइटेड) के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत एक या दो दिन में होने की उम्मीद है.” कांग्रेस नेता ने कहा, ”सीट बंटवारे पर नेताओं के बीच स्पष्टता है.” उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व सभी सहयोगियों को समायोजित करने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने की खातिर प्रतिबद्ध है.

उधर, दिल्ल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने कहा कि आम आदमी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर अगले दौर की बातचीत 12 जनवरी को सकती है. कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए गत आठ जनवरी को यहां बैठक की थी और इस बात पर जोर दिया था कि वे एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी को शिकस्त देंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu