जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक त्रासदी बनी हुई है मोदी सरकार: खरगे

आतंकी हमलों पर कठोर कार्रवाई करनी होगी, खोखले भाषणों से काम नहीं होगा : राहुल

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को जम्मू कश्मीर में सैनिकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा की और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार इस केंद्र शासित प्रदेश में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक त्रासदी बनी हुई है.
खरगे ने एक्स पर पोस्ट किया, “जम्मू-कश्मीर के कठुआ में आतंकी हमले में हमारे चार बहादुर जवानों की शहादत पर गहरा दुख हुआ. 6 जवान घायल भी हैं. हम सेना पर हुए इस कायरतापूर्ण आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं.” उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में एक महीने में यह पांचवां आतंकी हमला है.

कांग्रेस अध्यक्ष का कहना है, “जवानों के परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है. हम अपने बहादुर जवानों के साहस और वीरता को सलाम करते हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं घायलों के साथ हैं और हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. ” उन्होंने दावा किया , “जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति गिरावट की ओर है. किसी भी तरह की लीपापोती, फर्जी दावे, खोखली डींगें हांकना और छाती पीटना इस तथ्य को नहीं मिटा सकता कि मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक त्रासदी बनी हुई है. ” खरगे ने कहा कि जब “पीआर” एकमात्र उद्देश्य बन जाता है, तो शासन तंत्र के माध्यम से सुरक्षा खुफिया जानकारी एकत्र करना एक दुर्घटना बन जाता है.

उन्होंने कहा, “आतंकवाद के खिलाफ देश के साथ खड़े रहने का हमारा संकल्प दृढ. है.” कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने एक्स पर पोस्ट किया, “कठुआ, जम्मू-कश्मीर में हुए कायराना आतंकी हमले में चार बहादुर जवानों की शहादत और कई जवानों के घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें. इस सर्वोच्च बलिदान के लिए देश शहीदों का सदैव ऋणी रहेगा. शोक-संतप्त परिवारों एवं घायल जवानों के लिए ईश्वर से प्रार्थना करती हूं. ” उन्होंने कहा, “हिंसा और आतंकवाद के खिलाफ पूरा देश एकजुट है और एक स्वर में इस मानवता विरोधी कृत्य की सख्त निंदा करता है.”

आतंकी हमलों पर कठोर कार्रवाई करनी होगी, खोखले भाषणों से काम नहीं होगा : राहुल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को जम्मू कश्मीर में सैनिकों पर हुए आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि आतंकवादी हमलों पर अब “खोखले भाषण” और “झूठे वादों” से काम नहीं चलेगा, बल्कि ठोस कार्रवाई करने की जरूरत है. राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “जम्मू-कश्मीर के कठुआ में भारतीय सेना के वाहन पर हुए आतंकी हमले का समाचार अत्यंत दुखद है. ” उन्होंने कहा, “मातृभूमि के लिए अपना सर्वोच्च न्योछावर करने वाले शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों को अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. घायल जवानों के शीघ्र से शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. ”

उनका कहना है, “हमारी सेना पर ये कायरतापूर्ण हमले अत्यधिक निंदनीय हैं. एक महीने के अंदर पांचवा आतंकी हमला देश की सुरक्षा और हमारे जवानों के जीवन पर भयंकर आघात है.” उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे आतंकी हमलों का हल कठोर कार्रवाई से होगा, न कि खोखले भाषणों और झूठे वादों से. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “इस दुख की घड़ी में हम मजबूती से देश के साथ खड़े हैं.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button