मोदी ने ‘गाली देने’ और ‘झूठ बोलने’ का कारखाना खोल लिया है: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 03 Nov 2023 09:13 PM
मोदी ने ‘गाली देने’ और ‘झूठ बोलने’ का कारखाना खोल लिया है: खरगे
ऑडियो सुनें

रायपुर. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गांधी-नेहरू परिवार को निशाना बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुक्रवार को आलोचना की और कहा कि उन्होंने ‘गाली देने और झूठ बोलने’ का कारखाना खोल लिया है. छत्तीसगढ़ के अभनपुर निर्वाचन क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी संसद में कुछ नहीं बोलते हैं, वह केवल वोटों के लिए सार्वजनिक सभाओं में बोलते हैं.

लगातार यह सवाल करने के लिए कि कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया, उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ”यदि कांग्रेस ने 70 साल में कुछ नहीं किया होता तो मोदी जी प्रधानमंत्री नहीं बनते और (अमित) शाह साहब गृह मंत्री नहीं बनते.” खरगे ने कहा, ”हमने लोकतंत्र और संविधान को बचाया, इसलिए आप वहां बैठे हैं. जवाहर लाल नेहरू जी जैसे व्यक्ति ने संविधान और लोकतंत्र का अनुपालन करते हुए सब कुछ किया है. उन्होंने एक भी व्यक्ति को परेशान नहीं किया. भाजपा के लोग उनकी और इंदिरा गांधी जी की तारीफ करते थे. लेकिन अब सुबह उठते ही भाजपा वाले और मोदी जी सबको गाली देते हैं. मुझे लगता है कि उन्होंने गालियां देने का कारखाना खोल लिया है..”

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस ने बड़े-बड़े कारखाने और उद्योग खोले, लेकिन मोदी साहब ने गालियां देने और झूठ बोलने का कारखाना खोल लिया है. वह हर जगह झूठ बोलते हैं.” कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ”2014 में उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी) प्रत्येक नागरिक के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा करने, हर साल दो करोड़ रोजगार सृजित करने और किसानों की आय दोगुनी करने का आश्वासन दिया था. क्या उन्होंने यह सब किया? तो फिर झूठ कौन बोल रहा है? अगर हम कहते हैं कि वह झूठ बोलते हैं और वह झूठ के ‘सरदार’ हैं, तो वह हम पर टिप्पणी करते हैं.”

उन्होंने कहा, ”जब मणिपुर में झड़पें हो रही थीं, वह इधर-उधर घूम रहे थे. वह संसद में अपना मुंह नहीं खोलते. वह वोट के लिए सार्वजनिक सभाओं में अपना मुंह खोलते हैं. वह वोट के लिए बोल सकते हैं लेकिन किसी मुद्दे के समाधान के लिए नहीं.” खरगे ने प्रधानमंत्री की उस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिसमें उन्होंने भूपेश बघेल सरकार पर 30 प्रतिशत ‘कमीशन’ में लिप्त होने का आरोप लगाया था, उन्होंने कहा, ”कर्नाटक में कांग्रेस ने उनकी 40 प्रतिशत (कमीशन) सरकार को हटा दिया और अब वे छत्तीसगढ़ सरकार को बदनाम करने के लिए 30 प्रतिशत कमीशन की बात कह रहे हैं.” खरगे ने बाद में चंद्रपुर निर्वाचन क्षेत्र में एक अन्य रैली को भी संबोधित किया.

अभनपुर और चंद्रपुर दोनों सीटें उन 70 विधानसभा क्षेत्रों में से हैं जहां 17 नवंबर को दूसरे चरण में मतदान होगा. पहले चरण में सात नवंबर को बीस निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu