कंसास सिटी. अमेरिका के मिजूरी में एक मां ने अपने शिशु को सुलाने के लिए उसे पालने के बजाय गलती से ‘ओवन’ (खाद्य सामग्री बनाने या उन्हें गर्म करने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला उपकरण) में रख दिया जिसके कारण उसकी मौत हो गई. एक अभियोजक ने शनिवार को यह जानकारी दी. कंसास सिटी की मारियाह थॉमस पर अपने बच्चे को खतरे में डालने के आरोप लगाए गए हैं. पुलिस को शुक्रवार दोपहर को एक शिशु के सांस नहीं लेने की जानकारी मिली थी. इस घटना के संभावित कारण संबंधी अदालती बयान में कहा गया है कि बच्चे के शरीर पर जलने के निशान थे और उसे मृत घोषित कर दिया गया.
बयान में कहा गया है कि सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे अधिकारियों को एक गवाह ने बताया कि मां ने ”बच्चे को सुलाने के लिए पालने के बजाय गलती से ओवन में रख दिया.” बयान में यह नहीं बताया गया कि इस प्रकार की गलती कैसे हुई. जैक्सन काउंटी में अभियोजन पक्ष के वकील जीन पीटर्स बेकर ने एक बयान में कहा, ”यह अत्यंत त्रासदीपूर्ण घटना हैं और हम एक अनमोल जीवन के खोने से दुखी हैं. हमें भरोसा है कि आपराधिक न्याय प्रणाली इस भयानक घटना को लेकर उचित कार्रवाई करेगी.”