रियासी में माता वैष्णोदेवी गुफा मंदिर में नवरात्र उत्सव शुरू

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 03 Oct 2024 08:24 PM
रियासी में माता वैष्णोदेवी गुफा मंदिर में नवरात्र उत्सव शुरू
ऑडियो सुनें

जम्मू. बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के बीच, नवरात्र का नौ दिवसीय त्योहार धार्मिक उत्साह के साथ शुरू हुआ, जिस दौरान जम्मू कश्मीर के रियासी जिले की त्रिकुटा पहाड़ियों में स्थित माता वैष्णोदेवी के गुफा मंदिर में प्रतिदिन करीब 45,000 से अधिक तीर्थयात्री दर्शन करते हैं.

यात्रा का प्रबंधन करने वाले श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने नवरात्र के दौरान आने वाली श्रद्धालुओं की अपेक्षित भीड़ को देखते हुए तीर्थयात्रियों के लिए प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए कटरा रेलवे स्टेशन पर नये पंजीकरण काउंटर शुरू किए हैं.
कटरा स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर को देशी-विदेशी फूलों से सजाया गया है तथा इस शुभ अवसर के लिए भवन क्षेत्र में बड़े-बड़े पंडाल लगाए गए हैं.

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अंशुल गर्ग ने संवाददाताओं से कहा, ”मैं शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सभी श्रद्धालुओं को बधाई देता हूं. हम उनका यहां स्वागत करते हैं और आशा करते हैं कि दुनिया भर से हजारों तीर्थयात्री यहां दर्शन के लिए आएंगे.” उन्होंने आश्वासन दिया कि तीर्थयात्रियों के लिए आरामदायक और शांतिपूर्ण यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.

उन्होंने कहा, ”कल से तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ रही है और 45,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है और हमें आज भी इसी तरह की भीड़ की उम्मीद है.” किसी भी तरह की दुर्घटना से मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए बहु-स्तरीय सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं. गर्ग ने कहा, ”पुलिस, सीआरपीएफ और श्राइन बोर्ड के सुरक्षा र्किमयों को कटरा से भवन तक ट्रैक पर तैनात किया गया है. पूरी समीक्षा के बाद सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.” तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सीसीटीवी और आरएफआईडी निगरानी प्रणाली के साथ एकीकृत भीड़ प्रबंधन प्रणाली लागू की गई है.

उन्होंने कहा, “सभी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए एकीकृत कार्ड के साथ 650 सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं और भीड़ प्रबंधन के लिए एक स्काईवॉक शुरू किया गया है.” इसके अलावा, तीर्थयात्रियों को सुविधाएं प्रदान करने के लिए अर्धकुंवारी में एक नया लंगर स्थापित किया जाएगा, जो पहले से मौजूद तीन प्रमुख लंगरों का पूरक होगा. सीईओ ने कहा कि बोर्ड ने इस साल अतिरिक्त पहल की है.

गर्ग ने कहा, ”हम कटरा रेलवे स्टेशन पर पंजीकरण काउंटर शुरू कर रहे हैं, जो कल से काम करना शुरू कर देंगे. अभी आठ ऐसे काउंटर चालू हैं.” हजारों श्रद्धालु उत्साहपूर्वक तीर्थयात्रा कर रहे हैं. वे इसे नवरात्रि के दौरान माता वैष्णोदेवी का आशीर्वाद पाने का मौका मानते हैं. यह मंदिर कटरा में आधार शिविर से लगभग 15 किलोमीटर की चढ.ाई पर है.
सुबह से ही मंदिर में लंबी कतारें देखी गईं.

महाराष्ट्र के पुणे से आए श्रद्धालु सुनीत खारू ने कहा, “हम नवरात्र पर हर श्रद्धालु को बधाई देते हैं और न केवल अपने परिवार के लिए बल्कि पूरे देश के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करते हैं.” नवरात्र देवी दुर्गा की उपासना करने के लिए मनाया जाने वाला एक वार्षिक उत्सव है, जो नौ दिनों तक चलता है. भवन में, नौ दिवसीय शारदीय नवरात्र उत्सव की शुरुआत के लिए प्रार्थना की गई. जम्मू में, जम्मू के बहू किले में स्थित बावेवाली माता के नाम से प्रसिद्ध माता काली मंदिर में लंबी कतारें देखी गईं. देवी के दर्शन करने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु सुबह से ही कतार में खड़े थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu