बिहार में करंट लगने से नौ कांवड़ियों की मौत, दो झुलसे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Aug 2024 09:04 PM
बिहार में करंट लगने से नौ कांवड़ियों की मौत, दो झुलसे
ऑडियो सुनें

हाजीपुर. बिहार के वैशाली जिले में कांवड़ियों का एक वाहन हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे उसमें सवार कम से कम नौ कांवड़ियों की मौत हो गई और दो अन्य झुलस गए. एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी. वैशाली के जिलाधिकारी यशपाल मीणा ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”यह घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में रविवार रात करीब सवा ग्यारह बजे उस समय हुई, जब कांवड़िए जलाभिषेक के लिए सोनपुर में बाबा हरिहर नाथ मंदिर जा रहे थे.” मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांवड़ियों की मौत पर दुख व्यक्त किया.

उन्होंने ने कहा, ”यह दुर्घटना बेहद दुखद है और मैं इस घटना से मर्माहत हूं. भगवान मृतकों के परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करे.” मुख्यमंत्री के निर्देश पर मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का भुगतान कर दिया गया है.

मीणा के अनुसार, ”प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कांवड़ियों ने उनके लिए तय मार्ग का इस्तेमाल नहीं किया. घायल हुए दो लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दोनों की हालत खतरे से बाहर है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.” उन्होंने बताया कि कांवड़िए जलाभिषेक के लिए बाबा हरिहर नाथ मंदिर जा रहे थे, तभी उनका वाहन हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया.

मीणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. जिलाधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान कर ली है, जो वैशाली और आसपास के इलाकों का रहने वाले थे और प्रत्येक मृतक के परिवार के सदस्यों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि के चेक सौंप दिए हैं. जिलाधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है. इससे पहले, हाजीपुर-सदर के उपमंडलीय अधिकारी रामबाबू बैठा ने कहा था कि इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu