निशा चोटिल होने के बाद महिला 68 किग्रा कुश्ती मुकाबले के क्वार्टर फाइनल में हारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Aug 2024 09:28 PM
निशा चोटिल होने के बाद महिला 68 किग्रा कुश्ती मुकाबले के क्वार्टर फाइनल में हारी
ऑडियो सुनें

पेरिस. भारतीय पहलवान निशा दहिया दायें हाथ में चोट के कारण शुरुआती बढ़त को बरकरार नहीं रख सकी और महिला 68 किग्रा कुश्ती मुकाबले के क्वार्टर फाइनल में सोमवार को उत्तर कोरिया की पाक सोल गम से हार गयी. सोल गम ने निशा को 10-8 से शिकस्त दी. एशियाई चैम्पियनशिप की रजत पदक विजेता पहलवान निशा ने उत्तर कोरिया की पहलवान के खिलाफ शुरुआती कुछ सेकेंड में ही 4-0 की बढ़त बना ली. उन्होंने इसके बाद तीन मिनट के शुरुआती पीरियड में रक्षात्मक रवैया अपनाकर उत्तर कोरिया की पहलवान को कोई मौका नहीं दिया.

सोल गम ने दूसरे पीरियड में आक्रामक शुरुआत कर एक अंक हासिल किया लेकिन निशा ने उन्हें रिंग से बाहर निकल कर अपनी बढ़त 6-1 कर ली. उन्होंने दो और अंक के साथ अपनी बढ़त मजबूत की लेकिन इस दौरान उनका दाहिना हाथ गंभीर रूप से चोटिल हो गया.
अभी मुकाबले में एक मिनट बचा था और निशा दर्द से कराहने लगी थी. उन्होंने इलाज के बाद खेल शुरू किया लेकिन उत्तर कोरिया की पहलवान को रोकने में सफल नहीं रही. वह नम आंखों के साथ मैट से नीचे उतरी.

इससे पहले 25 साल की इस पहलवान ने अंतिम 16 के मैच में यूक्रेन की तेतियाना सोवा के खिलाफ विजयी शुरुआत की थी.
निशा ने यूक्रेन की पहलवान को 6-4 से हराया. निशा शुरुआत में तेतियाना से पिछड़ रही थी लेकिन उन्होंने 4-4 से बराबरी करने के बाद आखिरी कुछ सेकेंड में तेतियान को मैट से बाहर निकाल कर दो अंक हासिल कर जीत दर्ज की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu