निसान ने भारत छोड़कर जाने की अटकलों को नकारा, भविष्य पर नजरें टिकाईं

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 28 May 2025 04:31 PM
निसान ने भारत छोड़कर जाने की अटकलों को नकारा, भविष्य पर नजरें टिकाईं
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: वाहन विनिर्माता निसान ने भारतीय बाजार से बाहर निकलने से जुड़ी तमाम अटकलें खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि वह यहां अपना कारोबार बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है। कंपनी के एक शीर्ष अधिकारी ने यह बात कही।

जापानी कंपनी निसान की भारतीय अनुषंगी निसान मोटर इंडिया के प्रबंध निदेशक सौरभ वत्स ने एक आॅनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारतीय बाजार से बाहर जाने की कोई भी योजना नहीं है।

उन्होंने कहा कि असलियत में कंपनी 2027 की शुरूआत तक भारतीय बाजार में तीन नए उत्पाद पेश करने की योजना बना रही है और इस साल 20 नए डीलरशिप जोड़ने का भी इरादा है।

कंपनी अपने पोर्टफोलियो में कई तरह के उत्पादों को रखना चाहती है और चालू वित्त वर्ष में उसने घरेलू और निर्यात बाजारों में एक-एक लाख इकाइयों की बिक्री का लक्ष्य रखा है।

वत्स ने कहा, ‘‘बेहद अहम है कि मैं उन सभी अटकलों पर विराम लगा दूं कि निसान भारत से बाहर निकलने की योजना बना रही है और रेनो निसान आॅटोमोटिव इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (आरएनएआईपीएल) की हिस्सेदारी कम करना इसका संकेत है।’’

इस साल 31 मार्च को रेनो ने अपने भारतीय विनिर्माण संयुक्त उद्यम आरएनएआईपीएल में भागीदार निसान की 51 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने की घोषणा की थी। हालांकि, इस अधिग्रहण सौदे में शामिल राशि का खुलासा नहीं किया गया था।

वत्स ने भारत में लगभग 60 वर्षों के लंबे कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘यह समझना बहुत महत्वपूर्ण है कि हम भारत में पूरी तरह जमे हुए हैं.. हमारी उत्पादन योजनाएं, हमारी भविष्य की क्षमता, सब कुछ तैयार है। वे सभी सुरक्षित हैं, कुछ भी तालमेल से बाहर नहीं है। हम यहां हैं और हम यहां रहने वाले हैं।’’ उन्होंने कहा कि कंपनी कैलेंडर वर्ष 2026 की पहली तिमाही में सात सीट वाला एक बहुद्देशीय वाहन (एमपीवी) पेश करेगी। इसके बाद 2027 की शुरूआत में एक एसयूवी भी लेकर आएगी जो पांच सीट एवं सात सीट वाले विकल्पों में उपलब्ध होगी।

हालांकि, निसान इंडिया के शीर्ष अधिकारी ने यह माना कि कुछ डीलर अलग हो गए हैं लेकिन कंपनी नए बिक्री भागीदारों को ला रही है। उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल हमारे पास करीब 160 बिक्री केंद्र हैं और हम साल के अंत तक इसकी संख्या 180 तक पहुंचाना चाहते हैं।’’

इस मौके पर निसान ने अपनी एसयूवी ‘मैग्नाइट’ को अब सरकार द्वारा स्वीकृत सीएनजी रेट्रोफिटमेंट किट के साथ उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। इस सीएनजी किट के लिए ग्राहक को 74,999 रुपये की अतिरिक्त कीमत अदा करनी होगी।

कंपनी ने कहा कि सीएनजी किट को पूरे देश में चरणबद्ध ढंग से लागू किया जाएगा। पहले चरण में दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, केरल और कर्नाटक के ग्राहक निसान अधिकृत डीलरशिप से सीएनजी किट लगवा सकते हैं। बाद में इसे देश भर के अन्य राज्यों में भी लागू किया जाएगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital