उत्तर कोरिया ने समुद्र की तरफ बैलिस्टिक मिसाइल दागी : दक्षिण कोरिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 14 Jan 2024 08:39 PM
उत्तर कोरिया ने समुद्र की तरफ बैलिस्टिक मिसाइल दागी : दक्षिण कोरिया
ऑडियो सुनें

सियोल. दक्षिण कोरिया ने कहा है कि उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट पर एक बैलिस्टिक मिसाइल दागी है. दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने बताया कि मिसाइल रविवार को दागी गयी लेकिन उन्होंने अन्य कोई जानकारी नहीं दी जैसे कि मिसाइल ने कितनी दूर तक उड़ान भरी. जापान के रक्षा मंत्रालय ने भी कहा कि उसने उत्तर कोरिया द्वारा संभावित बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण किए जाने का पता लगाया है लेकिन और कोई जानकारी नहीं दी.

उत्तर कोरिया द्वारा 18 दिसंबर को अपनी ह्वासोंग-18 ठोस ईंधन चालित अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किए जाने के बाद से यह उत्तर कोरिया का पहला मिसाइल प्रक्षेपण है. ह्वासोंग-18 को अमेरिका के मुख्य भूभाग तक मार करने की क्षमता के साथ बनाया गया है. इससे कुछ दिन पहले उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया के साथ लगती अपनी समुद्री सीमा के समीप कई गोले दागे थे जिसके बाद दक्षिण कोरिया ने भी उसी क्षेत्र में इस तरह का कदम उठाया.

हाल के दिनों में उत्तर कोरिया ने अपने विरोधियों के खिलाफ युद्ध जैसी बयानबाजी तेज कर दी है. इस सप्ताह की शुरुआत में उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने दक्षिण कोरिया को अपना मुख्य शत्रु बताया था और उकसाने पर उसे खत्म करने की धमकी दी थी.
दिसंबर में सत्तारूढ़ पार्टी की एक अहम बैठक में उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने अपने परमाणु शस्त्रागार का विस्तार और अतिरिक्त खुफिया उपग्रहों का प्रक्षेपण करने का आह्वान किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu