ओलंपिक: आत्मविश्वास से भरी लवलीना क्वार्टर फाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Jul 2024 08:26 PM
ओलंपिक: आत्मविश्वास से भरी लवलीना क्वार्टर फाइनल में
ऑडियो सुनें

पेरिस. तोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किलो) ने बुधवार को यहां ओलंपिक खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा में अपने पहले मुकाबले में नॉर्वे की सुन्निवा होफ्स्टाड को 5 . 0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया . लवलीना ने तोक्यो में 69 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता था . वह लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीतने और भारतीय मुक्केबाजी में अभूतपूर्व उपलब्धि अपने नाम करने से महज एक जीत दूर हैं.

हालांकि यह इतना आसान नहीं होगा क्योंकि अब उनका सामना चार अगस्त को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की लि कियान से होगा. इस मुकाबले में जीत से लवलीना का कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो जाएगा. कियान ने तोक्यो ओलंपिक में 75 किलो वर्ग में रजत पदक जीता था और रियो ओलंपिक 2016 में भी कांस्य पदक अपने नाम किया था. वह हांग्झोउ एशियाड 2022 की स्वर्ण पदक विजेता हैं. लवलीना ने अपने पहले दौर के मुकाबले में प्रतिद्वंद्वी मुक्केबाज से दूरी बनाकर जवाबी हमला किया जबकि नार्वे की खिलाड़ी उन्हें पकड़कर समय बर्बाद करने की कोशिश में दिख रही थी. पर भारतीय मुक्केबाज ने संयम बनाये रखा और सटीक मुक्के जड़कर अंक जुटाये.
लवलीना को मुश्किल ड्रॉ मिला है. लेकिन इस चुस्त मुक्केबाज ने हमेशा की तरह चुनौतीपूर्ण मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की क्षमता जारी रखी जैसी उन्होंने तोक्यो ओलंपिक के क्वार्टर फाइनल में विश्व चैंपियन चेन निएन चिन को हराकर कांस्य पदक हासिल करके दिखाई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu