ओलंपिक : भारतीय तीरंदाजी टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल में, धीरज और अंकिता चमके

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 25 Jul 2024 09:56 PM
ओलंपिक : भारतीय तीरंदाजी टीमें सीधे क्वार्टर फाइनल में, धीरज और अंकिता चमके
ऑडियो सुनें

पेरिस. फॉर्म में चल रहे धीरज बोम्मादेवरा और अंकिता भकत के शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत ने पेरिस ओलंपिक में अपने अभियान का सुनहरा आगाज किया जब तीरंदाजों ने पुरूष और महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सीधे प्रवेश कर लिया. भारतीय पुरूष टीम रैंकिंग दौर में तीसरे और महिला टीम चौथे स्थान पर रही .

पहला ओलंपिक खेल रहे धीरज और अंकिता के जबर्दस्त प्रदर्शन से भारत शीर्ष चार में रहा जिससे उसे नॉकआउट में अच्छा ड्रॉ मिला है. शीर्ष चार टीमों को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिलती है जबकि पांचवें से 12वें स्थान की टीमें अंतिम 16 में खेलती हैं. भारतीय पुरूष टीम को तीसरी वरीयता मिली है जिसके मायने है कि अगले दौर में वह कोरिया के पूल में नहीं होंगे . अब दोनों भारतीय टीमों को ओलंपिक पदक के लिये दो जीत और दर्ज करनी है.

विश्व कप कांस्य पदक विजेता धीरज व्यक्तिगत दौर में चौथे स्थान पर रहे . धीरज और अंकिता को अंतिम 16 में मिश्रित टीम वर्ग में पांचवीं वरीयता मिली है . भारतीय मिश्रित टीम ने 1347 अंक बनाये. व्यक्तिगत वर्ग में तरूणदीप रॉय 14वें और प्रवीण जाधव 39वें स्थान पर रहे . कोरिया के वूजिन किम और जे दियोक किम पहले दो स्थान पर रहे जबकि जर्मनी के फ्लोरियन उनरूह तीसरे स्थान पर रहे.

इससे पहले पदार्पण कर रही अंकिता ने अनुभवी दीपिका कुमारी को पीछे छोड़ते हुए महिला व्यक्तिगत रिकर्व क्वालीफिकेशन में भारतीयों में सर्वश्रेष्ठ 11वां स्थान हासिल किया, इससे भारत ने चौथे स्थान पर रहकर टीम स्पर्धा में क्वार्टरफाइनल स्थान हासिल किया.

अंकिता (26 साल) 666 अंक से भारतीय महिला तीरंदाजों में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर रहीं, उनके बाद भजन कौर 559 अंक से 22वें और दीपिका कुमारी 658 अंक से 23वें स्थान पर रहीं. टीम स्पर्धा में भारत ने 1983 अंक से चौथा स्थान हासिल किया जिसमें दक्षिण कोरिया 2046 अंक से शीर्ष पर रहा. चीन उप विजेता जबकि मेक्सिको तीसरे स्थान पर रहा. भारत का सामना क्वार्टरफाइनल में फ्रांस और नीदरलैंड के बीच मुकाबले के विजेता से होगा.

अगर भारतीय महिला टीम क्वार्टरफाइनल की बाधा पार कर लेती है तो उसे सेमीफाइनल में मजबूत कोरियाई टीम से भिड़ना पड़. सकता है. कोरियाई टीम ओलंपिक में अपराजेय रही है, उसने तीन साल पहले तोक्यो में लगातार नौवां पदक जीता था. व्यक्तिगत वर्ग में कोरिया की लिम सिहयिओन ने 694 के विश्व रिकॉर्ड स्कोर से तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया जबकि उनकी हमवतन सुहियोन नाम 688 अंक से दूसरे स्थन पर रहीं. चीन की यांग जियाओलेई 673 अंक से तीसरे स्थान पर रहीं. दीपिका पहली बार मिश्रित टीम स्पर्धा में नहीं खेलेंगी क्योंकि अंकिता भारतीयों में शीर्ष पर रहीं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu