ओलंपिक: स्वप्निल कुसाले 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस फाइनल में, सेन और सिंधू प्री क्वार्टरफाइनल में

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Jul 2024 09:16 PM
ओलंपिक: स्वप्निल कुसाले 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस फाइनल में, सेन और सिंधू प्री क्वार्टरफाइनल में
ऑडियो सुनें

पेरिस/बोरगोहेन. भारतीय निशानेबाज स्वप्निल कुसाले ने बुधवार को यहां पेरिस ओलंपिक में पुरूषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस स्पर्धा के फाइनल के लिये क्वालीफाई किया जबकि देश के खिलाड़ियों ने बैडमिंटन, तीरंदाजी, टेबल टेनिस और मुक्केबाजी की स्पर्धाओं में अगले दौर में प्रवेश किया.

निशानेबाज कुसाले फाइनल में, ऐश्वर्य चूके : कुसाले ने जहां फाइनल के लिये क्वालीफाई किया वहीं ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर चूक गए . कुसाले क्वालीफाइंग दौर में 590 (38 एक्स) का स्कोर करके सातवें स्थान पर रहे . वहीं ऐश्वर्य प्रताप 589 (33 एक्स) का स्कोर करके 11वें स्थान पर रहे . शीर्ष आठ निशानेबाज ही फाइनल के लिये क्वालीफाई करते हैं .

कुसाले ने नीलिंग में 198 (99 और 99), प्रोन में 197 (98 और 99) और स्ट्रैंडिंग पोजिशन में 195 (98 और 97) स्कोर किया . वहीं ऐश्वर्य प्रताप ने नीलिंग में 197 (98 और 99), प्रोन में 199 (100 और 99) और स्ट्रैंडिंग पोजिशन में 193 (95 और 98) स्कोर किया . स्पर्धा का फाइनल बृहस्पतिवार को खेला जायेगा. पिछले साल हांगझोउ एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में कुसाले, ऐश्वर्य प्रताप और अखिल श्योराण ने टीम वर्ग का स्वर्ण पदक जीता था. कुसाले कोल्हापूर में तेजस्विनी सावंत के मार्गदर्शन में अभ्यास करते हैं . वह पिछले साल एशियाई खेलों में इस स्पर्धा के व्यक्तिगत वर्ग में चौथे स्थान पर रहे थे.

आत्मविश्वास से भरी मुक्केबाज लवलीना पदक जीतने से महज एक कदम दूर : तोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना  (75 किलो) ने अपने पहले मुकाबले में नॉर्वे की सुन्निवा होफ्स्टाड को 5 . 0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. लवलीना ने तोक्यो में 69 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता था . वह लगातार दूसरे ओलंपिक में पदक जीतने और भारतीय मुक्केबाजी में अभूतपूर्व उपलब्धि अपने नाम करने से महज एक जीत दूर हैं.

हालांकि यह इतना आसान नहीं होगा क्योंकि अब उनका सामना चार अगस्त को शीर्ष वरीयता प्राप्त चीन की लि कियान से होगा. इस मुकाबले में जीत से लवलीना का कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित हो जाएगा. प्रीति पवार को हालांकि प्री क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा. मंगलवार देर रात प्रीति ने महिलाओं के 54 किग्रा प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कोलंबिया की पैन अमेरिकन खेलों की चैंपियन और विश्व रजत पदक विजेता येनी मार्सेला एरियास को कड़ी चुनौती दी लेकिन इसके बावजूद उन्हें 2-3 के विभाजित फैसले से हार का सामना करना पड़ा.

सेन और सिंधू एकल प्री क्वार्टरफाइनल में : भारतीय बैडमिंटन के स्टार लक्ष्य सेन और पी वी सिंधू ने अपने अपने मुकाबले शानदार ढंग से जीतकर एकल प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया. दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू ने एस्तोनिया की क्रिस्टीन कूबा को 33 मिनट तक चले एकतरफा मुकाबले में 21 . 5, 21 . 10 से हराया . रियो ओलंपिक में रजत और तोक्यो में कांस्य पदक जीतने वाली सिंधू दुनिया की नौवे नंबर की खिलाड़ी चीन की ही बिंगजियाओ से खेल सकती है जिसके खिलाफ वह 11 बार हारी और नौ बार जीती हैं .

वहीं विश्व चैम्पियनशिप 2021 के कांस्य पदक विजेता अलमोड़ा के तेईस वर्ष के लक्ष्य ने दुनिया के चौथे नंबर के खिलाड़ी इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी को 50 मिनट में 21 . 18, 21 . 12 से मात दी . लक्ष्य का सामना प्री क्वार्टर फाइनल में हमवतन एच एस प्रणय से हो सकता है जो आखिरी ग्रुप मैच में वियतनाम के ली डुक फाट से खेलेंगे . लक्ष्य ने इससे पहले क्रिस्टी को सिर्फ एक बार चार साल पहले बैडमिंटन एशिया टीम चैम्पियनशिप में हराया था . दोनों के बीच ओलंपिक मुकाबले से पहले हुए पांच में से चार मुकाबले क्रिस्टी ने जीते थे .

अनुभवी तीरंदाज दीपिका प्री क्वार्टर फाइनल में : भारत की अनुभवी तीरंदाज दीपिका कुमारी ने लगातार दो मुकाबले जीतकर महिला व्यक्तिगत वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल प्रवेश कर लिया . कुछ दिन पहले भारतीय महिला तीरंदाजों की टीम क्वार्टर फाइनल में नीदरलैंड से हार गई थी जिसमें दीपिका के प्रदर्शन की काफी आलोचना हुई थी . दीपिका ने व्यक्तिगत वर्ग में पहले एस्तोनिया की रीना परनाट को शूटआफ में 6 . 5 से हराया . इसके बाद नीदरलैंड की क्विंटी रोफेन को 6 . 2 से मात दी . अब उनका सामना प्री क्वार्टर फाइनल में जर्मनी की मिशेले क्रोपेन से होगा .

टेबल टेनिस खिलाड़ी श्रीजा अकुला प्री क्वार्टर फाइनल में :
श्रीजा अकुला ने सिंगापुर की जियान झेंग को 51 मिनट तक कड़े मुकाबले में 4 . 2 से हराकर टेबल टेनिस महिला एकल स्पर्धा के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. अपने 26वें जन्मदिन पर श्रीजा ने 9 . 11, 12 . 10, 11 . 4, 11 . 5, 10. 12, 12 . 10 से जीत दर्ज की.
श्रीजा का सामना अब चीन की नंबर एक खिलाड़ी सुन यिंगशा से होगा . इससे पहले मनिका बत्रा भी अंतिम 16 में जगह बना चुकी हैं . भारतीय टेबल टेनिस के इतिहास में यह पहली बार हुआ है .

घुड़सवारी में अनुष अग्रवाला व्यक्तिगत ड्रेसेज में पदक की दौड़ से बाहर हुए: भारत के अनुष अग्रवाला ओलंपिक घुड़सवारी के व्यक्तिगत ड्रेसेज में अपने ग्रुप में 66.444 अंक के साथ नौवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई करने से चूके.

ओलंपिक खेलों के पांचवें दिन की पदक तालिका

पेरिस ओलंपिक में स्पर्धा के पांचवें दिन बुधवार रात आठ बजे तक की पदक तालिका (शीर्ष दस देश और भारत) इस प्रकार रही.
क्रम. देश स्वर्ण रजत कांस्य कुल

1. चीन 8 6 2 16
2. जापान 7 2 4 13
3. फ्रांस 6 9 6 21
4. ब्रिटेन 6 6 5 17
5. ऑस्ट्रेलिया 6 4 2 12
6. कोरिया 5 3 3 11
7. अमेरिका 4 12 11 27
8. इटली 3 5 4 12
9. कनाडा 2 2 2 6
10. जर्मनी 2 0 1 3
10. हांककांग 2 0 1 3
36. भारत 0 0 2 2

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu