‘बॉर्डर’ फिल्म के 27 साल पूरे होने पर सनी देओल ने किया ‘बॉर्डर-2’ का एलान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Jun 2024 08:21 PM
‘बॉर्डर’ फिल्म के 27 साल पूरे होने पर सनी देओल ने किया ‘बॉर्डर-2’ का एलान
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता सनी देओल ने बृहस्पतिवार को 1997 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर’ के रिलीज होने के 27 साल पूरे होने पर ‘बॉर्डर-2’ बनाने का एलान किया. निर्माताओं के अनुसार, आगामी फिल्म ‘युद्ध पर बनी भारत की सबसे बड़ी फिल्म’ होगी और अनुराग सिंह इसका निर्देशन करेंगे. वह ‘केसरी’ और ‘जट्ट एंड जूलियट’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं. फिल्मकार जेपी दत्ता ने ‘बॉर्डर’ का निर्देशन किया था. वह जेपी फिल्म्स के तहत अपनी बेटी निधि दत्ता के साथ मिलकर इसका सीक्वल बनाएंगे. फिल्म निर्माताओं में टी-सीरीज के भूषण कुमार और किशन कुमार भी शामिल होंगे. देओल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ‘बॉर्डर 2’ का टीजर जारी किया.

उन्होंने इसके साथ लिखा, ”एक फौजी अपने 27 साल पुराने वादे को पूरा करने के लिए फिर से आ रहा है. भारत की सबसे बड़ी युद्ध फिल्म ‘बॉर्डर 2’. भूषण कुमार, किशन कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता फिल्म का निर्माण करेंगे और अनुराग सिंह इसका निर्देशन करेंगे.” ‘बॉर्डर’ फिल्म 13 जून 1997 को रिलीज हुई थी. इसमें साल 1971 में लोंगेवाला में हुए भारत और पाकिस्तान के युद्ध से जुड़ी घटनाओं को दर्शाया गया था. इसमें सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, अक्षय खन्ना, सुदेश बेरी और पुनीत इस्सर के अलावा कुलभूषण खरबंदा, तब्बू, राखी, पूजा भट्ट और शरबनी मुखर्जी ने भी भूमिका निभाईं थीं.

‘बॉर्डर’ उस साल की सबसे अधिक कमाई वाली फिल्मों में शामिल हुई थी और गानों की वजह से फिल्म को काफी लोकप्रियता मिली. फिल्म के गीत जावेद अख़्तर ने लिखे थे और संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था. ‘बॉर्डर’ के ‘संदेसे आते हैं’, ‘ए जाते हुए लम्हो’ और ‘मेरे दुश्मन, मेरे भाई’ जैसे गाने आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं. फिल्म को तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों से भी नवाजा गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu