जम्मू/श्रीनगर. सुरक्षा बलों ने जम्मू कश्मीर के उधमपुर जिले के ऊंचाई वाले स्थानों पर छिपे आतंकवादियों के एक समूह का पता लगा लिया है और उन्हें मार गिराने के लिए एक अभियान शुरू किया गया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जब पुलिस और सेना का संयुक्त खोजी दल आतंकवादियों का पता लगाने और उन्हें मार गिराने के लिए घने जंगल वाले इलाके में अंदर की ओर बढ़ा तो उसे गोलियों की आवाज सुनाई दी. अधिकारियों के मुताबिक, किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है और आतंकवादियों की तलाश जारी है.
पुलिस उपमहानिरीक्षक (उधमपुर) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने के बाद हमारे दलों ने (मंगलवार) तड़के खोजबीन एवं खात्मा अभियान शुरू किया. बसंतगढ़ थाने के खांदेड़ इलाके में आतंकवादियों के एक समूह के खिलाफ अभियान जारी है.” अधिकारियों ने बताया कि छिपे हुए आतंकवादियों का पता लगाने और उन्हें मार गिराने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल भी इलाके में पहुंच गए हैं. बसंतगढ़ के डुडू इलाके में अप्रैल में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक ग्राम सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई थी.
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों के शिविर के पास विस्फोट में दो महिलाएं घायल
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में मंगलवार को सुरक्षाबलों के एक शिविर के पास हुए विस्फोट में दो महिलाएं घायल हो गईं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों के मुताबिक घायल महिलाओं की पहचान नाहिदा अख्तर और अफरोजा बेगम के रूप में हुई है, जो कुपवाड़ा के गूजरपति इलाके के चेक कीगाम की निवासी हैं. अधिकारियों ने बताया कि घायल महिलाओं को हंदवाड़ा के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस, विस्फोट की जांच कर रही है.