पाकिस्तान ने की पुष्टि: भारत ने मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के प्रत्यर्पण के लिए कहा है

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sat, 30 Dec 2023 10:00 PM
पाकिस्तान ने की पुष्टि: भारत ने मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के प्रत्यर्पण के लिए कहा है
ऑडियो सुनें

इस्लामाबाद. पाकिस्तान ने शुक्रवार को पुष्टि की कि भारत ने कई आतंकी मामलों में वांछित 2008 के मुंबई हमले के मुख्य साजिशकर्ता हाफिज सईद के प्रत्यर्पण की मांग की है. संयुक्त राष्ट्र द्वारा आंतकी घोषित सईद लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक है. विदेश मंत्रालय (एमईए) के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने शुक्रवार को कहा कि सईद के प्रत्यर्पण का अनुरोध कुछ दस्तावेजों के साथ हाल में पाकिस्तान को भेजा गया था. बागची ने नयी दिल्ली में संवाददाताओं से कहा, ”हमने प्रासंगिक सहायक दस्तावेजों के साथ पाकिस्तान सरकार को एक अनुरोध भेज दिया है.” ‘डॉन.कॉम’ के मुताबिक इस मुद्दे पर टिप्पणी के लिए संपर्क किए जाने पर विदेश कार्यालय की प्रवक्ता मुमताज जहरा बलूच ने कहा कि पाकिस्तान को भारतीय अधिकारियों से ”तथाकथित धनशोधन मामले” में सईद के प्रत्यर्पण की मांग करने वाला अनुरोध मिला है.

उन्होंने कहा, ”यह ध्यान दिया जाना चाहिए कि पाकिस्तान और भारत के बीच कोई द्विपक्षीय प्रत्यर्पण संधि मौजूद नहीं है.” भारत का पाकिस्तान के साथ कोई प्रत्यर्पण समझौता नहीं है. हालांकि, मामले से वाकिफ लोगों ने कहा कि इस तरह के मसौदा समझौते के अभाव में भी प्रत्यर्पण संभव है. सईद के नेतृत्व वाला जमात-उद-दावा (जेयूडी) लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का मुखौटा संगठन है. लश्कर-ए-तैयबा 2008 के मुंबई हमले को अंजाम देने के लिए जिम्मेदार है, जिसमें छह अमेरिकियों सहित 166 लोग मारे गए थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu