पाकिस्तान ने कराची की जेल से 80 भारतीय मछुआरों को किया रिहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 09 Nov 2023 09:45 PM
पाकिस्तान ने कराची की जेल से 80 भारतीय मछुआरों को किया रिहा
ऑडियो सुनें

कराची. पाकिस्तान सरकार ने बृहस्पतिवार को यहां मालिर जेल से 80 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया. अवैध विदेशी प्रवासियों और नागरिकों को देश से निकालने के लिए पाकिस्तानी सरकार के मौजूदा अभियान के तहत भारतीय मछुआरों को रिहा किया गया है.

जेल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारतीय मछुआरों को भारी सुरक्षा के बीच अल्लामा इकबाल एक्सप्रेस ट्रेन में से रवाना किया गया है और वे कल लाहौर पहुंचेंगे जहां से उन्हें वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया जाएगा. ईधी वेलफेयर ट्रस्ट के फैसल ईधी ने कहा कि ज्यादातर भारतीय मछुआरे गरीब पृष्ठभूमि से हैं और वे घर लौटने को लेकर बहुत खुश हैं. ईधी वेलफेयर ट्रस्ट ने ही भारतीय मछुआरों की लाहौर तक जाने की व्यवस्था की है.

उन्होंने कहा, “वे खुश हैं कि वे जल्द ही अपने परिवारों में मिलेंगे. हमने उन्हें घर ले जाने के लिए कुछ नकद और अन्य उपहार दिए हैं.” पाकिस्तान और भारत नियमित रूप से समुद्री सीमा का उल्लंघन करने पर एक-दूसरे के मछुआरों को गिरफ्तार करते रहते हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu