पेरिस ओलंपिक: निकहत जरीन मुक्केबाजी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 28 Jul 2024 08:08 PM
पेरिस ओलंपिक: निकहत जरीन मुक्केबाजी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची
ऑडियो सुनें

पेरिस. दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन ने रविवार को यहां जर्मनी की मैक्सी करीना क्लोएट्जर पर जीत के साथ महिलाओं के 50 किग्रा ओलंपिक के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया. इस 28 साल की गैरवरीय मुक्केबाज ने यहां ‘नॉर्थ पेरिस एरेना’ अंतिम 32 दौर के मुकाबले में जर्मनी की मुक्केबाजी के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की.

निकहत के सामने गुरुवार को खेल जाने वाले प्री-क्वार्टर फाइनल में एशियाई खेलों और मौजूदा फ्लाईवेट विश्व चैंपियन चीन की वू यू की चुनौती होगी. शीर्ष वरीयता प्राप्त वू यू को पहले दौर में बाई मिली है. ओलंपिक में पदार्पण कर रही निकहत पदक की मजबूत दावेदार है. क्लोएट्जर के खिलाफ अपने मुकाबले में वह अच्छी शुरुआत करने में विफल रही.

जर्मनी की मुक्केबाज ने शुरुआत में आक्रामक रुख अपनाकर निकहत को चौंकाया. इस दौरान दोनों मुक्केबाजों ने एक-दूसरे को कुछ सटीक पंच लगाये. क्लोएट्जर ने लंबाई में निकहत से कम होने के बावजूद कुछ करारे प्रहार के किये और पहले दौर को जजों के 3-2 के खंडित फैसले से अपने नाम करने में सफल रही.

दूसरे दौर में भी दोनों मुक्केबाजों ने एक दूसरे पर जम पर मुक्के बरसाये लेकिन निकहत ने इस दौरान लय हासिल की और कुछ दमदार और सटीक पंच से जर्मनी की मुक्केबाज को बैकफुट पर धकेल दिया. इस दौरान सिर सीधा नहीं रखने के कारण क्लोएट्जर को एक अंक से दंडित किया गया लेकिन निकहत ने इसी गलती के कारण इस बढ़त को गंवा दिया. निकहत हालांकि बेहतर रणनीति खेल से जजों को प्रभावित करने में सफल रही.

शुरुआती दो दौर में करीबी मुकाबले के बाद निकहत ने तीसरे दौर में सटीक प्रहार करना जारी रखा. उनके आक्रामक अंदाज से क्लोएट्जर बचाव की मुद्रा में आ गयी और उन पर थकान हावी दिखी. भारतीय मुक्केबाज ने इस दौर में दबदबा बनाने के साथ मुकाबले को अपने नाम कर लिया. निकहत मुक्केबाजी रिंग में उतरने वाली दूसरी भारतीय है. उन से पहले शनिवार देर रात एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार ने भी महिलाओं की 54 किग्रा वर्ग में शानदार जीत के साथ प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu