उत्तर प्रदेश में सड़क पर नमाज पढ़ने वाले लोगों को पुलिस के हवाले किया गया, बाद में रिहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Sep 2022 07:57 PM
उत्तर प्रदेश में सड़क पर नमाज पढ़ने वाले लोगों को पुलिस के हवाले किया गया, बाद में रिहा
ऑडियो सुनें

शाहजहांपुर. विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने यहां सड़क पर नमाज पढ़ने के आरोप में पश्चिम बंगाल के लोगों के एक समूह को पुलिस के हवाले कर दिया. ये लोग अजमेर शरीफ जा रहे थे. यह घटना रविवार की शाम की है, लेकिन यह तब प्रकाश में आया जब इससे संबंधित एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पश्चिम बंगाल के लोगों का यह समूह अजमेर शरीफ जा रहा था.
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव बाजपेई ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘रविवार को लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर तिलहर थाना क्षेत्र के कपसेड़ा गांव में कुछ लोगों द्वारा सड़क पर नमाज अदा किये जाने की सूचना मिली थी.’’

उन्होंने बताया, ‘‘इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से 18 लोगों को थाने ले आयी और बाद में उन सभी ने माफीनामा लिखकर दिया, जिसके बाद उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया.’’ उन्होंने बताया, ‘‘ये लोग पश्चिम बंगाल से एक बस से अजमेर शरीफ जा रहे थे. बस में 60 सवारियों की क्षमता थी मगर उस पर उससे ज्­यादा लोग सवार थे. बस के ‘नो पार्किंग जोन’ में खड़ी होने के कारण उसका चालान कर दिया गया था.’’

पुलिस से इस मामले की शिकायत करने वाले विश्­व हिन्­दू परिषद के नेता राजेश अवस्थी ने बताया कि वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ कछियानी खेड़ा तिलहर स्थित मंदिर में जा रहे थे तभी उन्होंने कपसेडा गांव के पास कुछ लोगों को सड़क पर नमाज पढ़ते देखा. इस पर अवस्थी ने उनलोगों से कहा कि वे लोग उत्तर प्रदेश में हैं, योगी आदित्यनाथ की सरकार है, और यहां खुले में नमाज पढ़ना मना है. वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में विहिप कार्यकर्ताओं को बस में सवार कुछ लोगों से कान पकड़कर माफी मांगने के लिए कहते सुना जा सकता है. घटना के बाद सभी यात्रियों को लेकर बस अजमेर के लिए रवाना हो गई.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu