प्रज्ञाननंदा ने कार्लसन को हराया, लेकिन अब भी तीसरे स्थान पर बरकरार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 May 2024 10:00 PM
प्रज्ञाननंदा ने कार्लसन को हराया, लेकिन अब भी तीसरे स्थान पर बरकरार
ऑडियो सुनें

वारसॉ. भारत के आर प्रज्ञाननंदा ने दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन पर एक और जीत दर्ज की लेकिन वह सुपरबेट रैपिड और ब्लिट्ज. शतरंज टूर्नामेंट में अब भी तीसरे स्थान पर बने हुए हैं जबकि चीन के वेई यी ने 2.5 अंकों की मजबूत बढ़त हासिल कर ली है.

ब्लिट्ज प्रतियोगिता में अभी नौ दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं. वेई यी सात जीत के साथ 20.5 अंक लेकर शीर्ष पर बने हुए हैं. कार्लसन के 18 अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर हैं. उनके बाद प्रज्ञाननंदा का नंबर आता है. इस भारतीय खिलाड़ी के हालांकि 14.5 अंक है और ऐसे में खिताब के लिए मुख्य मुकाबला वेई यी और कार्लसन के बीच रह गया है.

भारत के अर्जुन एरीगैसी 14 अंक लेकर चौथे स्थान पर हैं, जबकि पोलैंड के डुडा जान क्रिज़्सटोफ. 13 अंकों के साथ उनके ठीक पीछे हैं. उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसात्तोरोव 12.5 के साथ छठे स्थान पर हैं और उन्होंने जर्मनी के विंसेंट कीमर पर एक अंक की बढ़त बना रखी है. प्रतियोगिता के शुरू में शीर्ष पर रहने वाले रोमानिया के किरिल शेवचेंको 11 अंकों के साथ आठवें स्थान पर हैं. हॉलैंड के अनीश गिरी 10.5 अंकों के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गए हैं लेकिन विश्व चैंपियनशिप के चैलेंजर डी गुकेश की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है क्योंकि वह 1,75,000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाले इस टूर्नामेंट में 9.5 अंकों के साथ अंतिम स्थान पर हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu