प्रणय और सेन चाइना ओपन के पहले दौर में बाहर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 05 Sep 2023 08:34 PM
प्रणय और सेन चाइना ओपन के पहले दौर में बाहर
ऑडियो सुनें

चांग्झू. विश्व चैम्पियनशिप के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय मंगलवार को यहां मलेशिया के एनजी त्जे योंग से तीन गेम तक चले मैच में हारकर चाइना ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में बाहर हो गए. विश्व में छठे नंबर के भारतीय खिलाड़ी को एक घंटे छह मिनट तक चले मैच में मलेशिया के विश्व में 22वें नंबर के खिलाड़ी से 12-21 21-13 18-21 से हार का सामना करना पड़ा.

राष्ट्रमंडल खेलों के मौजूदा चैंपियन लक्ष्य सेन भी पहले दौर से आगे नहीं बढ़ पाए. उन्हें डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन से 21-23 21-16 9-21 हार झेलनी पड़ी. यह मैच एक घंटे 18 मिनट तक चला. इसके बाद प्रियांशु राजावत को इंडोनेशिया के शेसार हिरेन रुस्तावितो से 13-21, 24-26 से हार का सामना करना पड़ा जिससे पुरुष एकल में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई.

महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी चेन किंग चेन और जिया यी फैन की चीन की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी से 18-21, 11-21 से हार गई. पीवी सिंधू के एशियाई खेलों पर ध्यान केंद्रित करने के कारण आखिरी क्षण में हट जाने के कारण महिला एकल में भारत की कोई भी खिलाड़ी भाग नहीं ले रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu