प्रयागराज : बसंत पंचमी पर संगम में 42.90 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Feb 2024 07:49 PM
प्रयागराज : बसंत पंचमी पर संगम में 42.90 लाख श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
ऑडियो सुनें

प्रयागराज. संगम नगरी में माघ मेले के चतुर्थ स्नान पर्व बसंत पंचमी पर बुधवार को हर हर गंगे उद्घोष के बीच शाम छह बजे तक लगभग 42.90 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा और पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई. माघ मेला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह से ही बादल छाए रहने और ठंडा मौसम रहने के बावजूद बुधवार शाम छह बजे तक करीब 42 लाख 90 हजार लोगों ने गंगा और संगम में स्नान किया. तड़के सुबह से ही स्नानार्थियों का माघ मेला क्षेत्र में आना जारी रहा जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल थे.

उन्होंने बताया कि स्नानार्थियों की सुविधा के लिए घाटों की लंबाई 6800 फुट से बढ़ाकर 8000 फुट कर दी गई है और कुल 12 घाट बनाए गए हैं एवं सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में वस्त्र बदलने की सुविधा स्थापित की गई है. पुलिस उप महानिरीक्षक (माघ मेला) राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि मेला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए थे और पूरे मेला क्षेत्र में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और कई एआई आधारित कैमरे क्रियाशील हैं और इन कैमरों से जानकारी एकीकृत नियंत्रण कमान (इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर) तक पहुंच रही है.

उन्होंने बताया कि मेला क्षेत्र में कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नजर आने पर त्वरित कार्रवाई की जाती है. साथ ही एटीएस, आरएएफ, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ की टीम, महिला पुलिसकर्मी, घुड़सवार पुलिस, बम निरोधक दस्ते सभी मेला क्षेत्र में क्रियाशील हैं. बसंत पंचमी पर पुण्य अर्जित करने के लिए माघ मेला क्षेत्र और नगर में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा पूड़ी सब्जी, हलवा पूड़ी आदि का वितरण किया गया. वहीं, माघ मेला क्षेत्र में लगे साधू संतों के शिविर में व्यापक स्तर पर भंडारे का आयोजन किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu