राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश पहुंचीं

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 18 Sep 2024 05:11 PM
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय दौरे पर मध्यप्रदेश पहुंचीं
ऑडियो सुनें

इंदौर: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने दो दिवसीय मध्यप्रदेश दौरे के तहत बुधवार शाम इंदौर पहुंचीं। शहर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे पर राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनकी अगवानी की और गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू हवाई अड्डे से राज्य सरकार के मृगनयनी वस्त्र एम्पोरियम के लिए रवाना हुईं, जहां वह सूबे के पारंपरिक हथकरघा उत्पाद देखेंगी और साड़ी बुनकरों से चर्चा करेंगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति बृहस्पतिवार को उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी और ‘‘श्री महाकाल लोक’’ का भ्रमण कर इस परिसर के मूर्तिकारों से संवाद करेंगी।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति इस धार्मिक नगरी में सफाई मित्रों (सफाई र्किमयों) से चर्चा के साथ ही उन्हें सम्मानित भी करेंगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति प्रस्तावित उज्जैन-इंदौर छह लेन सड़क का भूमिपूजन भी करेंगी।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति बृहस्पतिवार को ही उज्जैन से इंदौर आकर देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के हीरक जयंती दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा 1964 में स्थापित विश्वविद्यालय इस साल अपने 60 साल पूरे कर रहा है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav