ब्रिटेन में ‘धुर दक्षिणपंथियों की गुंडागर्दी’ को लेकर प्रधानमंत्री ने बुलाई आपात बैठक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 05 Aug 2024 07:26 PM
ब्रिटेन में ‘धुर दक्षिणपंथियों की गुंडागर्दी’ को लेकर प्रधानमंत्री ने बुलाई आपात बैठक
ऑडियो सुनें

लंदन. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टॉर्मर ने सोमवार को यहां ’10 डाउनिंग स्ट्रीट’ में वरिष्ठ मंत्रियों और पुलिस प्रमुखों की एक आपात बैठक बुलाई है. यह बैठक देश के कई शहरों में सप्ताहांत में हुई हिंसा के मद्देनजर बुलाई गई है. लंदन स्थित ’10 डाउनिंग स्ट्रीट’ में ब्रिटेन के प्रधानमत्री का आधिकारिक आवास और कार्यालय है. इस हिंसा को प्रधानमंत्री ने ”धुर दक्षिणपंथियों की गुंडागर्दी” करार दिया और कहा कि उनके खिलाफ सख्ती से निपटा जाएगा.

उत्तर-पश्चिम इंग्लैंड के साउथपोर्ट में तीन स्कूली छात्राओं की चाकू गोदकर हत्या किये जाने के बाद देश की सड़कों पर कई दिनों तक हुए हिंसक प्रदर्शन के कई दिनों बाद रविवार को रॉदरहैम, मिडल्सब्रो, बोल्टन और ब्रिटेन के अन्य हिस्सों से पुलिस अधिकारियों ने सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया था. इंटरनेट पर अफवाह फैली कि छात्राओं की हत्या करने वाला संदिग्ध व्यक्ति एक प्रवासी है जो कि अवैध रूप से देश में दाखिल हुआ है. इसके बाद प्रवासी विरोधी भीड़ ने मस्जिदों और उन होटल को निशाना बनाया जहां शरणार्थी ठहरे हुए थे.

स्टॉर्मर ने रविवार के बयान में कहा, ”मैं इस सप्ताहांत में हुई धुर दक्षिणपंथियों की गुंडागर्दी की कड़ी निंदा करता हूं. कोई इस मुगालते में न रहे कि उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी. हिंसा में भाग लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.” उन्होंने कहा, ”इस कृत्य के लिए कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया जा सकता… बिल्कुल भी नहीं, और देश का हित सोचने वाले सभी लोगों को इस तरह की हिंसा की निंदा करनी चाहिए. इस देश में सभी को सुरक्षित रहने का अधिकार है, बावजूद इसके हमने मुस्लिम समुदायों को निशाना बनते देखा है, मस्जिदों पर हमले हुए और अन्य अल्पसंख्यक समुदाय को निशाना बनाया गया. पुलिस पर हमले हुए और नस्ली बयानबाजी के साथ-साथ हिंसा की गई है.”

स्टॉर्मर ने कहा कि उन्हें यह कहने में कोई हिचक नहीं है कि यह धुर दक्षिणपंथियों की गुंडागर्दी है. वह हिंसा से निपटने के खातिर भविष्य की कार्रवाई पर चर्चा करने के लिए ब्रिटेन की गृह मंत्री यवेटे कूपर के साथ आपातकालीन ‘कैबिनेट ऑफिस ब्रीफिंग रूम ए’ (कोबरा) में बैठक की अध्यक्षता करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu