प्रधानमंत्री मोदी ने टी20 विश्वकप जीतने पर भारतीय क्रिकेट टीम से बात की

प्रधानमंत्री मोदी ने ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद जताई

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्यों से फोन पर बात की और उन्हें टी20 विश्वकप जीतने पर बधाई दी. अधिकारियों ने बताया कि मोदी ने भारतीय क्रिकेटर रोहित शर्मा को उनकी शानदार कप्तानी के लिए बधाई दी और उनके टी20 करियर की सराहना की. प्रधानमंत्री ने फाइनल मुकाबले में विराट कोहली की पारी के लिए उनकी भी प्रशंसा की और साथ ही भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान की सराहना की.

शर्मा और कोहली, दोनों ने टी20 विश्वकप जीतने के बाद क्रिकेट के इस प्रारूप के अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से संन्यास लेने की घोषणा की है. अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने फाइनल मुकाबले के अंतिम ओवर के लिए हार्दिक पांड्या तथा बाउंड्री पर डेविड मिलर का कैच पकड़ने के लिए सूर्यकुमार यादव की तारीफ की. उन्होंने जसप्रीत बुमराह के योगदान की भी सराहना की. प्रधानमंत्री ने कोच राहुल द्रविड़ का भारतीय क्रिकेट में योगदान के लिए आभार जताया. मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में शर्मा, कोहली और द्रविड़ की प्रशंसा की.

उन्होंने शर्मा से कहा, ”आप उत्कृष्टता के धनी हैं. आपकी आक्रामक सोच, बल्लेबाजी और कप्तानी ने भारतीय टीम को एक नया आयाम दिया है. आपका टी20 करियर हमेशा याद रखा जाएगा. आज आपसे बात कर खुशी हुई.” प्रधानमंत्री ने कोहली से कहा, ”फाइनल की पारियों की तरह, आपने भारतीय बल्लेबाजी को शानदार ढंग से आगे बढ.ाया. आप इस खेल के सभी प्रारूपों में चमके हैं. टी20 क्रिकेट को आपकी कमी खलेगी, लेकिन मुझे विश्वास है कि आप खिलाड़ियों की नयी पीढ.ी को प्रेरित करते रहेंगे.” द्रविड़ की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी असाधारण कोचिंग ने भारतीय क्रिकेट की सफलता को आकार दिया है.

उन्होंने कहा कि द्रविड़ के अटूट समर्पण, रणनीतिक अंतर्दृष्टि और सही प्रतिभा को निखारने के कौशल ने टीम को और बेहतर बनाया है.
मोदी ने कहा, ”भारत उनके योगदान और कई पीढि.यों को प्रेरित करने के लिए उनका आभारी है. हमें उन्हें विश्वकप उठाते हुए देखकर खुशी हुई. उन्हें बधाई देकर खुशी हुई.” प्रधानमंत्री ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट कौशल और खेल भावना दिखायी. उन्होंने कहा कि प्रत्येक खिलाड़ी की प्रतिबद्धता काफी प्रेरक है.

प्रधानमंत्री मोदी ने ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों के बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद जताई

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जुलाई महीने के अंतिम सप्ताह में आरंभ हो पेरिस ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ी के उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए रविवार को भारतीय दल को शुभकामनाएं दीं और देशवासियों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का आग्रह किया.
‘आकाशवाणी’ के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 111वीं कड़ी में देशवासियों के साथ अपने विचार साझा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पेरिस ओलंपिक की तैयारियों में भारतीय खिलाड़ी ‘जी-जान’ से जुटे हुए हैं और आने वाले दिनों में उन्हें भी भारतीय दल से मुलाकात और उनके उत्साहवर्धन का अवसर मिलने वाला है.

दुनिया का सबसे बड़ा खेल महाकुंभ यानी ओलंपिक खेलों का इस बार पेरिस में 26 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजन होने जा रहा है. भारतीय खिलाड़ी इन खेलों की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं. मोदी ने कहा, ”अगले महीने इस समय तक पेरिस ओलंपिक शुरू हो चुके होंगे. मुझे विश्वास है कि आप सब भी ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने का इंतजार कर रहे होंगे. मैं भारतीय दल को ओलंपिक खेलों की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं.” तोक्यो ओलंपिक की यादें ताजा करते हुए उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने हर भारतीय का दिल जीत लिया था.

उन्होंने कहा, ”इसके बाद से ही हमारे खिलाड़ी पेरिस ओलंपिक की तैयारियों में जी-जान से जुटे हुए हैं. सभी खिलाड़ियों को मिला दें तो इन सबने करीब 900 अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं में हिस्सा लिया है. ये काफी बड़ी संख्या है.” उन्होंने कहा कि निशानेबाजी में भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिभा निखरकर सामने आ रही है, टेबल टेनिस में पुरुष और महिला दोनों टीम क्वालीफाई कर चुकी हैं और भारतीय शॉटगन टीम में शूटर बेटियां भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि इस बार कुश्ती और घुड़सवारी में भारतीय दल के खिलाड़ी उन श्रेणियों में भी स्पर्धा करेंगे, जिनमें पहले वे कभी शामिल नहीं रहे.

कुछ महीने पहले संपन्न हुए विश्व पैरा एथलीट चैंपियनशिप में भारत के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ”आप ये अनुमान लगा सकते हैं कि इस बार (पेरिस ओलंपिक में) हमें खेलों में अलग स्तर का रोमांच नजर आएगा. आपको ध्यान होगा.” उन्होंने कहा कि शतरंज और बैडमिंटन में भी भारतीय खिलाड़ियों ने अपना परचम लहराया है.

उन्होंने कहा, ”अब पूरा देश ये उम्मीद कर रहा है कि हमारे खिलाड़ी ओलंपिक में भी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे. इन खेलों में पदक भी जीतेंगे और देशवासियों का दिल भी जीतेंगे.” प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में आने वाले दिनों में उन्हें भारतीय दल से मुलाकात का अवसर भी मिलने वाला है और इस दौरान वह देशवासियों की तरफ से उनका उत्साहवर्धन करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी ओलंपिक या अन्य किसी बड़ी स्पर्धा से पहले अक्सर भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात और उनका उत्साहवर्धन करते रहे हैं. उन्होंने लोगों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए ‘चीयर4भारत’ हैशटैग का इस्तेमाल करने का आग्रह किया.

उन्होंने कहा, ”उन्होंने कहा, ”इस हैशटैग के जरिए हमें अपने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाना है…तो इस गति को बनाए रखिए…आपकी ये गति…भारत का जादू दुनिया को दिखाने में मदद करेगी.” पेरिस ओलंपिक के लिए अभी तक पुरुष हॉकी टीम सहित 80 से अधिक भारतीय खिलाड़ियों ने पात्रता हासिल कर ली है. इन खेलों का पेरिस के अलावा फ्रांस के 16 अन्य शहरों में आयोजन किया जा रहा है. इन खेलों में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की संख्या 10,500 निर्धारित की गई है. इनमें 32 खेलों की 329 स्पर्धाओं का आयोजन किया जाना है. भारत ने चार साल पहले तोक्यो ओलंपिक में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करके एक स्वर्ण सहित सात पदक जीते थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button