राहुल गांधी की ‘विभाजनकारी और शर्मनाक’ राजनीति उनकी अपेक्षा से कहीं अधिक तेजी से उजागर हो रही है : भाजपा

Author: navabharat digital
UPDATED: Sat, 26 Jul 2025 04:18 PM
राहुल गांधी की ‘विभाजनकारी और शर्मनाक’ राजनीति उनकी अपेक्षा से कहीं अधिक तेजी से उजागर हो रही है : भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भाजपा ने शुक्रवार को कांग्रेस के ‘भागीदारी न्याय महासम्मेलन’ का हवाला देते हुए राहुल गांधी पर हमला बोला और कहा कि उनकी ‘‘विभाजनकारी और शर्मनाक’’ राजनीति उनकी अपेक्षा से कहीं अधिक तेजी से उजागर हो रही है।

भाजपा आईटी विभाग के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर इस कार्यक्रम का एक वीडियो क्लिप साझा किया।मालवीय द्वारा साझा किए गए कार्यक्रम के कथित वीडियो क्लिप में, एक वक्ता को यह कहते हुए सुना गया : ‘‘आप जानते हैं कि उनकी जातिगत पृष्ठभूमि क्या है। गांधी बनिया जाति से थे। अंबेडकर दलित जाति से थे। पटेल शूद्र ओबीसी जाति से थे, जिन्होंने मेरे अपने राज्य को निजाम से आजाद कराया और नेहरू ब्राह्मण जाति से थे। राहुल आज सभी जातियों का मिश्रण हैं।’’

इन टिप्पणियों पर कटाक्ष करते हुए मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘राहुल गांधी सभी जातियों का मिश्रण हैं… कांग्रेस की एक बैठक में दिया गया बयान।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा तब होता है जब एक कैथोलिक मां और एक पारसी पिता का बेटा हर किसी से उसकी जाति पूछता फिरता है! यह विडंबना है और पाखंड तो उससे भी अधिक है।’’

मालवीय ने आरोप लगाया, ‘‘राहुल गांधी की विभाजनकारी और शर्मनाक राजनीति उनकी अपेक्षा से अधिक तेजी से उजागर हो रही है… और उनका मुखौटा उतर रहा है।’’ भाजपा नेता के आरोप पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital