भुवनेश्वर: ओडिशा सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के मामले में एक सरकारी अभियंता के परिसरों पर छापेमारी के दौरान दो बहुमंजिला इमारतें, पांच एकड़ का फार्महाउस और 20 महंगे भूखंड का पता लगाया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोप के आधार पर सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने मयूरभंज जिले के बेतनोटी स्थित सड़क एवं भवन (आरएंडबी) उपमंडल में सहायक कार्यकारी अभियंता के पद पर तैनात अरंिवद मोहंती से जुड़े परिसरों पर तलाशी अभियान शुरू किया।
अधिकारियों के अनुसार, बारिपदा के विशेष न्यायाधीश, सतर्कता द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर मयूरभंज, बालासोर और खुर्दा जिलों में 10 स्थानों पर छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि छापेमारी में कुल पांच पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी), आठ निरीक्षक और अन्य सहयोगी कर्मचारी शामिल थे।
अधिकारियों ने कहा कि तलाशी के दौरान भ्रष्टाचार रोधी अधिकारियों ने अब तक बालासोर शहर और उसके आसपास ऊंची कीमतों वाले 20 भूखंडों, भद्रक में पांच एकड़ का फार्महाउस, दो इमारतों, 2.77 लाख रुपये नकद, चार पहिया वाहन और अन्य संपत्तियों का पता लगाया है। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान जारी है।