रायगढ़: मालगाड़ी से टकराई अन्य मालगाड़ी, 18 डिब्बे पटरी से उतरे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 28 Mar 2022 09:47 PM
ऑडियो सुनें

रायगढ़/बिलासपुर. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोमवार को एक मालगाड़ी पटरी पर खड़ी दूसरी मालगाड़ी से टकरा गई. इस घटना में मालगाड़ी के 18 डिब्बे पटरी से उतर गए. रेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले के जामगांव रेलवे स्टेशन क्षेत्र में आज शाम करीब चार बजकर 15 मिनट पर एक मालगाड़ी अन्य मालगाड़ी से टकरा गई, जिससे 18 डिब्बे पटरी से उतर गए. उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारण हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है.

अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है. इस्पात सामानों से लदी दोनों मालगाड़ियां बिलासपुर की ओर जा रही थीं. उन्होंने बताया कि जामगांव रेलवे स्टेशन के यार्ड में खड़ी मालगाड़ी जब निकलने वाली थी तभी अचानक एक अन्य मालगाड़ी उसी पटरी पर आ गई और दूसरी मालगाड़ी से जा टकराई.

अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद बिलासपुर रेल मंडल के अधिकारियों को घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया है. इस मार्ग पर रेत यातायात बहाल होने में कुछ समय लगने की संभावना है. उन्होंने बताया कि जांच के बाद ही दुर्घटना के कारणों के संबंध में जानकारी मिल सकेगी. अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारण दो यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है तथा तीन ट्रेनों को उनके गंतव्य तक पहुंचने से पहले रोक दिया गया है. इसके अलावा छह ट्रेनों के मार्ग परिर्वितत किए गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu