रानिल विक्रमसिंघे ने श्रीलंका के नए राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 21 Jul 2022 09:06 PM
रानिल विक्रमसिंघे ने श्रीलंका के नए राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली
ऑडियो सुनें

कोलंबो/सिंगापुर. अनुभवी नेता रानिल विक्रमसिंघे ने बृहस्पतिवार को, घोर आर्थिक संकट का सामना कर रहे श्रीलंका के आठवें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली. प्रधान न्यायाधीश जयंत जयसूर्या ने संसद भवन परिसर में 73 वर्षीय विक्रमसिंघे को राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई. उनके सामने देश को आर्थिक संकट से बाहर निकालने तथा महीनों से चल रहे व्यापक प्रदर्शनों के बाद कानून एवं व्यवस्था बहाल करने की चुनौती है.

गोटबाया राजपक्षे के देश छोड़कर चले जाने और राष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद विक्रमसिंघे को कार्यवाहक राष्ट्रपति बनाया गया था. वह संविधान के अनुसार संसद द्वारा निर्वाचित श्रीलंका के पहले राष्ट्रपति हैं. मई 1993 में तत्कालीन राष्ट्रपति आर. प्रेमदास के निधन के बाद दिवंगत डी. बी. विजेतुंगा को निर्विरोध चुना गया था.

छह बार प्रधानमंत्री रह चुके विक्रमसिंघे को बुधवार को देश का नया राष्ट्रपति निर्वाचित किया गया. इससे नकदी के संकट से जूझ रहे इस द्वीपीय देश की अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ चल रही वार्ता के जारी रहने की उम्मीद की जा सकती है.

श्रीलंका की 225 सदस्यीय संसद में विक्रमसिंघे को 134 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं सत्तारूढ़ दल के असंतुष्ट नेता डलास अल्हाप्पेरुमा को 82 वोट मिले. वामपंथी जनता विमुक्ति पेरामुना (जेवीपी) के नेता अनुरा कुमारा दिसानायके को महज तीन वोट मिले. संसद में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान कराया गया. विक्रमसिंघे पर देश को आर्थिक बदहाली से बाहर निकालने और महीनों से चल रहे प्रदर्शनों के बाद कानून-व्यवस्था बहाल करने की जिम्मेदारी है.

‘डेली मिरर’ अखबार की एक खबर के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में 20-25 सदस्यों के मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा.
राजपक्षे की श्रीलंका पोदुजन पेरामुना (एसएलपीपी) पार्टी के समर्थन से विक्रमसिंघे की जीत सत्ता पर राजपक्षे परिवार की पकड़Þ को दिखाती है जबकि गोटबाया राजपक्षे, पूर्व प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे और पूर्व वित्त मंत्री बासिल राजपक्षे ने सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बाद इस्तीफे दे दिए हैं.

विक्रमसिंघे की जीत से एक बार फिर स्थिति बिगड़ सकती है क्योंकि सरकार विरोधी कई प्रदर्शनकारी उन्हें पूर्ववर्ती राजपक्षे सरकार का करीबी मानते हैं. प्रदर्शनकारी देश के मौजूदा संकट के लिए राजपक्षे परिवार को जिम्मेदार ठहराते हैं. विक्रमसिंघे के राष्ट्रपति निर्वाचित होने के तुरंत बाद सैकड़ों प्रदर्शनकारी जगह जगह एकत्रित हो गए थे. अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ अहम बातचीत का नेतृत्व कर रहे विक्रमसिंघे ने पिछले सप्ताह कहा था कि बातचीत निष्कर्ष के करीब है.

मैं राजपक्षे परिवार का नहीं, बल्कि जनता का मित्र हूं : राष्ट्रपति विक्रमसिंघे

श्रीलंका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे ने शासन की प्रणाली में बदलाव लाने का संकल्प जताते हुए देशवासियों से कहा कि वह राजपक्षे परिवार के नहीं बल्कि जनता के मित्र हैं. यह पूछे जाने पर कि विक्रमसिंघे राजपक्षे परिवार से अलग कैसे होंगे क्योंकि वह उनके पुराने मित्र हैं, नए राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मैं राजपक्षे परिवार का पुराना मित्र कैसे हूं? मैं उनका विरोध करता रहा हूं.’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं राजपक्षे परिवार का मित्र नहीं हूं, मैं जनता का मित्र हूं…मैंने पहले पूर्व राष्ट्रपति चंद्रिका कुमारतुंगे के साथ काम किया है. वह किसी और पार्टी की थीं और मैं किसी और पार्टी का हूं. मेरे लिए किसी दूसरी पार्टी के राष्ट्रपति के साथ काम करने का मतलब यह नहीं है कि मैं उनका मित्र हूं.’’ राष्ट्रपति ने कहा कि वह ऐसा बदलाव लाएंगे, जो लोग चाहते हैं और यह जरूरी भी है.

विक्रमसिंघे ने कहा कि वह अपनी यूनाइटेड नेशनल पार्टी को मजबूत करने के अवसर पर ध्यान दे रहे हैं. उन्होंने नौ जुलाई को यहां प्रदर्शनकारियों के ऐतिहासिक सरकारी इमारतों में घुसने तथा तोड़फोड़ करने पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति कार्यालय और प्रधानमंत्री के कार्यालय पर जबरन कब्जा जमाना गैरकानूनी है और ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

विक्रमसिंघे ने कहा, ‘‘अरागालया (जन संघर्ष) व्यवस्था के खिलाफ था. सरकार गिराने, घरों को आग लगाने तथा महत्वपूर्ण कार्यालयों पर कब्जा जमाने के लिए हमें अरागालया का उपयोग कतई नहीं करना चाहिए. यह लोकतंत्र नहीं है बल्कि यह गैरकानूनी है.’’ उन्होंने कहा ‘‘हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को प्रदर्शन करने की अनुमति देनी चाहिए. हम उनसे बातचीत भी कर सकते हैं.’’

राजपक्षे को अल्पावधि यात्रा का पास दिया गया है : सिंगापुर सरकार

सिंगापुर ने श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे को 14 दिन की अल्पावधि की यात्रा का पास दिया गया है क्योंकि वह 14 जुलाई को ‘‘निजी यात्रा’’ पर सिंगापुर आए थे. आव्रजन अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी. राजपक्षे (73) श्रीलंका की अर्थव्यवस्था को न संभाल पाने के कारण उनकी सरकार के खिलाफ बढ़ते जन आक्रोश के बाद 13 जुलाई को देश छोड़कर मालदीव चले गए थे और फिर वहां से सिंगापुर चले गए थे.

राजपक्षे की सिंगापुर यात्रा के बारे में मीडिया के सवालों के जवाब में एक बयान जारी करते हुए आव्रजन और सीमा जांच चौकी प्राधिकरण (आईसीए) ने कहा कि उन्हें सिंगापुर पहुंचने पर अल्पावधि की यात्रा के लिए पास दिया गया है. ‘द स्ट्रेट्स टाइम्स’ अखबार की एक खबर के अनुसार, राजपक्षे को 14 जुलाई को यहां पहुंचने पर 14 दिन की अल्पावधि की यात्रा का पास (एसटीवीपी) दिया गया.
विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने गत सप्ताह कहा था कि राजपक्षे ने शरण देने के लिए नहीं कहा है और न ही उन्हें कोई शरण दी गयी है.

आईसीए ने कहा कि आम तौर पर सामाजिक यात्रा पर सिंगापुर आने वाले श्रीलंका के पर्यटकों को 30 दिनों की अवधि के लिए एसटीवीपी जारी किया जाता है. अगर वे इस अवधि को बढ़ाना चाहते हैं, तो उन्हें इसके लिए आॅनलाइन आवेदन देना होगा. हर मामले के आधार पर आवेदन पर विचार किया जाता है.

रानिल विक्रमसिंघे श्रीलंका के मंत्रिमंडल को शुक्रवार को दिलायेंगे शपथ
श्रीलंका के नये राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे शुक्रवार को अपने मंत्रिमंडल को शपथ दिलायेंगे. मंत्रिमंडल में वही नेता शामिल किए जाएंगे जो विक्रमसिंघे के कार्यवाहक राष्ट्रपति के रहने के दौरान इसके (मंत्रिमंडल के) सदस्य थे.

संसद सत्र के आहूत होने पर राष्ट्रीय सरकार पर सहमति बनने तक पिछला मंत्रिमंडल काम करता रहेगा और इसके बाद मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा. विक्रमसिंघे ने देश के समक्ष मौजूद अप्रत्याशित आर्थिक संकट से उबरने के लिए द्विपक्षीय सहमति का आह्वान किया है. उन्हें चुनाव जीतने के बाद बृहस्पतिवार को देश के आठवें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ दिलायी गयी.

अधिकारियों ने बताया कि विक्रमसिंघे सर्वदलीय सरकार नियुक्त करेंगे. छह बार प्रधानमंत्री रह चुके विक्रमसिंघे को बुधवार को सांसदों ने राष्ट्रपति चुना था. अब उम्मीद की जा रही है कि नकदी संकट से जूझ रहे श्रीलंका के लिए राहत सौदे के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के साथ चल रही वार्ता को निरंतरता मिलेगी.

Join Our WhatsApp Channel G Prefer Navabharat News on Google

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu