Rewa Rape Case: पति के सामने पत्नी से गैंगरेप की झकझोर देने वाली कहानी…

Rewa Rape Case: पति के साथ घूमने आई महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बदमाशों ने पति के साथ मारपीट की और उसे पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपियों ने पति और पत्नी के वीडियो भी बना लिए। करीब एक घंटे तक पीड़ित दंपति आरोपियों के चंगुल में रहे। अब पुलिस ने दंपति के साथ दरिंदगी करने वाले आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

सबसे पहले जानिए क्या है मामला?
जानकारी के अनुसार रीवा में दरिंदगी का शिकार हुए दंपति की छह महीने पहले ही शादी हुई थी। इससे पहले दोनों कॉलेज में साथ पढ़ते थे। 21 अक्तूबर को दोनों पति-पत्नी घर से पिकनिक मनाने के लिए हंसी-खुशी निकले और भैरव बाबा पहाड़ी पर पहुंचे। जहां, दोनों भैरव बाबा मंदिर से कुछ दूरी पर एक चट्टान के पीछे जाकर बैठ गए। कुछ देर बाद दंपति से कुछ दूरी पर बैठकर पार्टी कर रहे पांच युवकों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने युवक को पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू की और धमकाने लगे।

इनमें से कुछ लोग उसकी पत्नी को पकड़कर दूसरी तरफ ले गए और उसके साथ भी मारपीट की। इस दौरान दो आरोपियों ने युवक के सामने ही उसकी पत्नी के साथ गैंगरेप किया। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे पीटा और उसके वीडियो बनाकर धमकाने लगे। एक घंटे तक दंपति आरोपियों की दरिंदगी का शिकार होता रहा है। इस दौरान महिला के साथ पांच बदमाशों ने गैंगरेप किया। किसी तहर पीड़ित दंपति आरोपियों के चंगुल से छूटा और डरी सहमी हालत में घर चला गया। हिम्मत जुटाकर अगले दिन 22 अक्तूबर को दंपति गुढ़ थाने पहुंचे और अपने साथ हुई दरिंदगी की आपबीती पुलिस को सुनाई। शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर जाकर मामले की जांच शुरू की और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने दो दिन तक छिपाए रखा मामला
एक महिला के साथ उसके पति के सामने पांच लोगों ने दुष्कर्म किया। लेकिन, पुलिस ने इस मामले में सिर्फ इसलिए पर्दा डाले रखा, क्योंकि 23 अक्टूबर को शहर में रीजनल कॉन्क्लेव होना था। इसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत कई मंत्री और देश के उद्योगपतियों को आना था। ऐसे में अपनी साख बचाने के लिए पुलिस दो दिन तक इस मामले को छिपाए रही।

पांच ने किया गैंगरेप, तीन ने दिया साथ, आठ गिरफ्तार
पुलिस ने गैंगरेप की दिलदहला देने वाली घटना में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से पांच आरोपियों ने महिला के साथ दरिंदगी की थी, जबकि तीन अन्य आरोपियों ने उसका सहयोग किया था। पकड़े गए आरोपियों में सुशील कोरी, रावेश कुमार गुप्ता, राजेंद्र कोरी, दीपक कोरी, गरूड कोरी, लवकुश कोरी, रामकिशन कोरी और रजनीश कोरी शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से घटना को लेकर पूछताछ कर रही है।

शराब पी, लिट्टी चोखा खाया, फिर की दरिंदगी
शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 21 अक्तूबर को हम लोग पहाड़ी पर पार्टी कर थे। हमें शराब पी, गांजा पिया और लिट्टी चोखा बनाकर खाया। इस बीच बाइक सवार लड़का-लड़की वहां आए और एक चट्टान के पीछे जाकर बैठ गए। इसके बाद हमने लड़के के साथ मारपीट की और लड़की के साथ गलत काम किया। करीब एक घंटे बाद उन्हें छोड़ दिया।

पीड़िता और उसका पति क्या बोला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पीड़ित महिला के पति ने कहा कि हमारी शादी को छह महीने भी नहीं हुए हैं। 21 अक्तूबर को हम लोग एक चट्टान पर बैठकर बात कर रहे थे। इस दौरान अचानक से आरोपियों ने हमें घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। उन दरिंदों ने मेरे सामने पत्नी से दुष्कर्म किया और मैं कुछ नहीं कर पाया। सिर्फ लाचार होकर देखता रहा, इससे अच्छा होता कि मैं मर ही जाता।

पीड़ित विवाहिता ने कहा- पांच आरोपियों ने हमें अचानक से घेर लिया था। हमने भागने का प्रयास किया तो वे मारपीट करने लगे। हम उनके सामने गिड़गिड़ाते रहे, लेकिन उन्होंने नहीं छोड़ा। पांच आरोपियों ने मेरे साथ गैंगरेप किया। बाद में कहा- तुम लोग चाहे पुलिस के पास जाओ या कलेक्टर के पास , कोई मेरा कुछ नहीं कर पाएगा। यह हमारा रोज का काम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button