ऋषि सुनक ने अक्षता मूर्ति के साथ शादी पर कहा, “मैं व्यवस्थित हूं, वह सहज हैं”

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Aug 2022 10:45 PM
ऋषि सुनक ने अक्षता मूर्ति के साथ शादी पर कहा, “मैं व्यवस्थित हूं, वह सहज हैं”
ऑडियो सुनें

लंदन. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ऋषि सुनक ने बताया कि जब वह अपनी पत्नी अक्षता मूर्ति से अमेरिका के एक विश्वविद्यालय में मिले थे तो ‘‘ जाहिर तौर पर कुछ कुछ हुआ’’ था. अक्षता मूर्ति इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति की बेटी हैं.

पूर्व चांसलर सुनक ने ‘द संडे टाइम्स’ के साथ एक साक्षात्कार में अपने पारिवारिक जीवन के बारे में खुलासा किया. उन्होंने बताया कि वे एक-दूसरे युगल से बहुत अलग हैं. सुनक ने कहा, ‘‘मैं बहुत स्पष्ट और व्यवस्थित हूं, जबकि वह अधिक सहज हैं.’’ दंपति स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय में एमबीए की पढ़ाई के दौरान मिले थे. उन्होंने 2006 में बेंगलुरु में शादी की. सुनक साउथेम्प्टन में भारतीय मूल के माता-पिता के घर पैदा हुए. दंपति की दो बेटियां कृष्णा (11) और अनुष्का (09) हैं और सुनक दोनों के जन्म के समय मौजूद थे और वह बच्चों की देखभाल में मदद करना पसंद करते हैं.

उन्होंने याद किया, ‘‘मैं बहुत भाग्यशाली था, क्योंकि जब वे पैदा हुईं तो मैंने अपना खुद का व्यवसाय शुरू किया था और मेरा स्थिति पर पूरी तरह से नियंत्रण था . इसीलिए मैं आसपास ही मौजूद रहता था.’’ उनके अमीर होने को मुद्दा बनाए जाने पर सुनक ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस देश में हम लोगों को उनके चरित्र और उनके कार्यों से आंकते हैं, न कि इससे कि उनके बैंक खाते में क्या है. मैं आज भाग्यशाली हूं, लेकिन मैं इस तरह बड़ा नहीं हुआ. मुझे जो मिला है उसके लिए मैंने बहुत मेहनत की, मेरे परिवार ने कड़ी मेहनत की.’’ उन्होंने ‘द संडे टाइम्स’ को बताया, ‘‘देश को एक चुनौतीपूर्ण दौर से निकालने में मदद करने के लिए मेरे पास वह क्षमता है. मैं ऐसा कर सकता हूं और लोग ऐसा करने के लिए मुझ पर भरोसा कर सकते हैं.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu